ओमान। ओमान के समुद्री तट के पास भारतीय झंडे वाले जहाज पर अज्ञात हवाई वस्तु से हमला होने का मामला सामने आया है। हादसे में गुजरात के एक भारतीय...
ओमान। ओमान के समुद्री तट के पास भारतीय झंडे वाले जहाज पर अज्ञात हवाई वस्तु से हमला होने का मामला सामने आया है। हादसे में गुजरात के एक भारतीय नाविक की मौत हो गई, जबकि जहाज पर सवार अन्य 13 भारतीयों को सुरक्षित बचा लिया गया। घटना सोमवार 2 नवंबर की बताई जा रही है। ओमान के तटरक्षक बल ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी 13 नाविकों को सुरक्षित बाहर निकाला।
केंद्रीय बंदरगाह, जहाजरानी और जलमार्ग मंत्री सर्बानंद सोनोवाल ने मंगलवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर घटना की जानकारी साझा की। उन्होंने मृतक नाविक की पहचान गुजरात निवासी गांधार नाहिम अजीज के रूप में की है। मंत्री ने हादसे पर दुख जताते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की।
समुद्र में गुजर रहा था भारतीय जहाज
मंत्री सोनोवाल के मुताबिक, भारतीय जहाज 'MSV AL JUSUFI' ओमान के समुद्री तट के पास से गुजर रहा था। इसी दौरान एक अज्ञात हवाई वस्तु जहाज से टकरा गई। टक्कर के बाद जहाज पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 14 भारतीय नाविक प्रभावित हुए। इनमें से 13 को सुरक्षित निकाल लिया गया, जबकि गांधार नाहिम अजीज की गंभीर चोटों के कारण मौत हो गई।
भारतीय दूतावास ने संभाली जिम्मेदारी
घटना के बाद भारतीय जहाजरानी मंत्रालय और ओमान स्थित भारतीय दूतावास स्थानीय प्रशासन के लगातार संपर्क में हैं। सरकार की ओर से सुरक्षित बचे सभी 13 नाविकों को जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। साथ ही उन्हें जल्द भारत वापस लाने और मृतक नाविक का पार्थिव शरीर स्वदेश भेजने की व्यवस्था की जा रही है।
फारस की खाड़ी में पहले भी जहाज को बनाया गया था निशाना
पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के बीच समुद्री जहाजों पर हमलों की घटनाओं ने भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। इससे पहले 30 अक्टूबर को मार्शल आइलैंड्स के झंडे वाले LNG जहाज 'M/T Al Mayeda' पर फारस की खाड़ी में प्रोजेक्टाइल से हमला हुआ था। उस जहाज पर छह भारतीय नाविक समेत कुल 25 लोग सवार थे। हालांकि, सभी छह भारतीयों सहित चालक दल के सभी सदस्यों को सुरक्षित बताया गया था।
जयशंकर ने भी जताई थी चिंता
इससे पहले विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने G20 विदेश मंत्रियों की बैठक में पश्चिम एशिया में नागरिक जहाजों और नाविकों पर हो रहे हमलों का मुद्दा उठाया था। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय समुद्री मार्गों पर सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने की जरूरत बताई थी। जयशंकर ने कहा था कि मध्य पूर्व में जारी संघर्ष का असर विकासशील देशों पर ज्यादा पड़ रहा है।
समुद्री मार्गों पर बढ़ते हमलों से ईंधन, खाद्य सामग्री और उर्वरकों की आपूर्ति प्रभावित होने का खतरा है। इससे इन जरूरी वस्तुओं की कीमतों में भी बढ़ोतरी हो सकती है। ओमान के तट के पास भारतीय जहाज पर हुआ ताजा हमला इस क्षेत्र में काम कर रहे भारतीय नाविकों की सुरक्षा को लेकर नई चिंता पैदा कर गया है।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments