लिव-इन के पंजीयन, पैतृक संपत्ति में बराबरी और भरण-पोषण के लिए एक समान कानून की मांग रायपुर, 7 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ महिला मंच और महाराष्ट्र ...
लिव-इन के पंजीयन, पैतृक संपत्ति में बराबरी और भरण-पोषण के लिए एक समान कानून की मांग
रायपुर, 7 अक्टूबर। छत्तीसगढ़ महिला मंच और महाराष्ट्र मंडल महिला समिति की पदाधिकारियों व सदस्यों ने समान नागरिक संहिता (यूसीसी) समिति के समक्ष विवाह, विवाह-विच्छेद, भरण-पोषण, उत्तराधिकार और लिव-इन रिलेशनशिप जैसे संवेदनशील एवं व्यावहारिक मुद्दों पर विस्तार से अपने सुझाव रखे। बैठक में यूसीसी समिति के सदस्य सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी एम.के. राऊत और वरिष्ठ अधिवक्ता मोहन पवार ने महिलाओं के कानूनी और व्यावहारिक सुझावों को गंभीरता से सुना तथा उन पर विचार करने का आश्वासन दिया।
लैंगिक समानता और संपत्ति में बराबरी
शताब्दी पाण्डेय ने धर्म आधारित कानूनों में बदलाव की जरूरत बताते हुए पैतृक और व्यक्तिगत संपत्ति में महिलाओं और पुरुषों को समान अधिकार देने की मांग की। उन्होंने भरण-पोषण के नियमों में एकरूपता लाने और आपसी सहमति से तलाक की प्रक्रिया को सरल बनाने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ जनजातीय बहुल प्रदेश है, इसलिए यूसीसी तैयार करते समय जनजातीय समुदायों की परंपराओं, रीति-रिवाजों, संस्कृति और सामाजिक व्यवस्थाओं को ध्यान में रखते हुए व्यापक विचार-विमर्श जरूरी है। पंचायतों में कानूनी सलाह के लिए विशेष डेस्क बनाने की मांग भी रखी गई।
श्वेता पड्डा ने महिलाओं के शोषण की रोकथाम के लिए लिव-इन रिलेशनशिप का पंजीयन अनिवार्य करने की मांग की। उन्होंने कहा कि लिव-इन से जन्मे बच्चों को पालन-पोषण और उत्तराधिकार के पूरे अधिकार मिलने चाहिए। साथ ही बच्चों की जैविक पहचान सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।
अधिवक्ता सुचित्रा वर्धन ने कहा कि केवल आपसी सहमति या एग्रीमेंट के आधार पर महिला-पुरुष का साथ रहना भारतीय कानून में मान्य नहीं है, इसलिए लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर स्पष्ट कानूनी व्यवस्था जरूरी है। अधिवक्ता हेमलता सिंह ने कहा कि यूसीसी का मुख्य उद्देश्य कानूनी भेदभाव खत्म कर व्यवस्था को सरल और समान बनाना होना चाहिए।
गीता श्याम दलाल ने ‘एक राष्ट्र, एक कानून’ का समर्थन करते हुए कहा कि अपराधी को धर्म के चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए, जबकि हर व्यक्ति को अपनी परंपराओं का पालन करने की स्वतंत्रता मिलनी चाहिए। आस्था अभय काले ने कहा कि यूसीसी का लाभ समाज के अंतिम छोर पर खड़ी कमजोर महिलाओं तक पहुंचना चाहिए। इसके लिए महिलाओं में कानूनी जागरूकता बढ़ाना जरूरी है।
बैठक में आकांक्षा तिवारी, डॉ. भारती यादव, डॉ. रत्ना पाण्डेय, श्रीमती पुरोहित, प्रसन्ना राजेश अवस्थी, अर्चना वोरा, शेफाली पुरोहित, शीला शर्मा, नमिता शेष और मालती मिश्रा ने बच्चों के हितों की सुरक्षा, आदिवासी समाज की सहभागिता और विवाह से जुड़ी परंपराओं सहित विभिन्न विषयों पर अपने सुझाव समिति के समक्ष रखे।
समिति ने महिलाओं की इस संवादात्मक पहल की सराहना की और उनके सभी व्यावहारिक सुझावों को आयोग के समक्ष प्रमुखता से रखने का भरोसा दिलाया।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments