बाल विवाह की रोकथाम, सुरक्षित स्पर्श, साइबर सुरक्षा एवं हेल्पलाइन सेवाओं की दी गई जानकारी सूरजपुर/01 अक्टूबर 2026,कलेक्टर श्रीमती रेना जमील ...
बाल विवाह की रोकथाम, सुरक्षित स्पर्श, साइबर सुरक्षा एवं हेल्पलाइन सेवाओं की दी गई जानकारी
सूरजपुर/01 अक्टूबर 2026,कलेक्टर श्रीमती रेना जमील के निर्देशन एवं जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री शुभम बंसल के मार्गदर्शन में जिले के शासकीय एवं निजी विद्यालयों में बाल अधिकारों एवं सुरक्षा के प्रति जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा हैं। इसी क्रम में जिला बाल संरक्षण अधिकारी श्री मनोज जायसवाल के नेतृत्व में गुरुकुल हायर सेकेंडरी स्कूल विश्रामपुर में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में श्री जायसवाल ने विद्यार्थियों को बाल विवाह मुक्त सूरजपुर अभियान, लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण अधिनियम 2012, किशोर न्याय अधिनियम 2015, बाल श्रम की रोकथाम, साइबर अपराध एवं मोटरयान अधिनियम के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और अपने भविष्य के निर्माण के साथ व्यक्तिगत सुरक्षा के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया।
गुड टच, बैड टच के संबंध में बच्चों को सरल शब्दों में समझाया गया। उन्हें बताया गया कि किसी व्यक्ति के स्पर्श अथवा व्यवहार से असहज महसूस होने पर तत्काल अपने माता-पिता, शिक्षक या किसी विश्वसनीय व्यक्ति को जानकारी दें। चुप्पी तोड़ो के संदेश के साथ विद्यार्थियों को बिना डर और संकोच के अपनी बात रखने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
बाल विवाह की रोकथाम पर चर्चा करते हुए विद्यार्थियों को इसके दुष्प्रभावों एवं कानूनी प्रावधानों से अवगत कराया गया। बाल विवाह की सूचना मिलने अथवा सहायता की आवश्यकता होने पर हेल्पलाइन नंबर 1098, 181 एवं 112 पर संपर्क करने की जानकारी दी गई।
साइबर सुरक्षा के संबंध में मोबाइल एवं इंटरनेट का सावधानीपूर्वक उपयोग करने तथा किसी अपरिचित व्यक्ति को ओटीपी, व्यक्तिगत जानकारी या फोटो साझा नहीं करने की समझाइश दी गई। बच्चों को संदिग्ध संदेश या गतिविधि की जानकारी अभिभावकों को देने तथा परिवार के सदस्यों को भी साइबर अपराधों के प्रति जागरूक करने के लिए प्रेरित किया गया। यातायात सुरक्षा के तहत हेलमेट का उपयोग करने, नियमों का पालन करने तथा वाहन का पंजीयन एवं बीमा अद्यतन रखने का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में सखी वन स्टॉप सेंटर की श्रीमती विनीता पैले ने केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि संकटग्रस्त महिलाओं को केंद्र के माध्यम से आश्रय, चिकित्सीय सहायता, परामर्श, कानूनी सहायता एवं पुलिस सहयोग जैसी सेवाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जाती हैं। उन्होंने महिला हेल्पलाइन नंबर 181 के माध्यम से सहायता प्राप्त करने की जानकारी भी दी।
चाइल्ड हेल्पलाइन के काउंसलर श्री जनार्दन यादव ने हेल्पलाइन नंबर 1098 की सेवाओं से विद्यार्थियों को अवगत कराया। उन्होंने बताया कि देखरेख एवं संरक्षण की आवश्यकता वाले बच्चों को इस निःशुल्क सेवा के माध्यम से सहायता उपलब्ध कराई जाती है। इस अवसर पर संस्था के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, जिला बाल संरक्षण इकाई से श्रीमती आरती राजवाड़े एवं चाइल्ड हेल्पलाइन से श्री दिनेश यादव उपस्थित रहे।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments