——

Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Pages

Classic Header

{fbt_classic_header}

Top Ad

ब्रेकिंग :

latest

Breaking News

- Advertisement - Ads " alt="" />" alt="" />

छत्तीसगढ़ में पर्यटन विकास पर 500 करोड़ खर्च करने की योजना, 1,000 करोड़ से अधिक निवेश जुटाने का लक्ष्य

चित्रकोट, मैनपाट, सिरपुर और राजिम सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों का होगा विकास; 1,000 पर्यटन उद्यमी तैयार होंगे, महिलाओं के 250 स्व-सहायता समूहो...



चित्रकोट, मैनपाट, सिरपुर और राजिम सहित प्रमुख पर्यटन स्थलों का होगा विकास; 1,000 पर्यटन उद्यमी तैयार होंगे, महिलाओं के 250 स्व-सहायता समूहों को भी मिलेगा अवसर

रायपुर, 13 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए राज्य सरकार मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन शुरू करने की तैयारी में है। इसके तहत पर्यटन विकास के लिए 500 करोड़ रुपये की मूल मिशन निधि प्रस्तावित की गई है, जबकि सार्वजनिक-निजी भागीदारी (पीपीपी), कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर), केंद्रीय योजनाओं और विभागीय समन्वय से 1,000 करोड़ रुपये से अधिक जुटाने की कार्ययोजना बनाई गई है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने मंगलवार को मंत्रालय में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक में कहा कि पर्यटन को स्थानीय अर्थव्यवस्था, रोजगार और क्षेत्रीय विकास का मजबूत आधार बनाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्यटन विकास का लाभ केवल पर्यटन स्थलों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। इससे स्थानीय युवाओं, महिलाओं, हस्तशिल्पियों, कलाकारों और छोटे कारोबारियों के लिए रोजगार और स्वरोजगार के अवसर पैदा होने चाहिए। स्थानीय खानपान, लोककला, हस्तशिल्प और जनजातीय संस्कृति को पर्यटन से जोड़कर आय के स्थायी साधन विकसित किए जाएंगे।

चित्रकोट, मैनपाट और सिरपुर को मिलेगी नई पहचान

मुख्यमंत्री पर्यटन विकास मिशन के पहले चरण में चित्रकोट जलप्रपात, मैनपाट, सिरपुर, हसदेव बांगो जलाशय और राजिम को प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने की योजना है। इसके अलावा मायाली-बगीचा, चंपारण, सतरेंगा, तीरथगढ़, देवरानी-जेठानी, कबीर चबूतरा, केंदई, महामाया और चिल्फी घाटी सहित अन्य स्थलों पर भी सुविधाओं का विस्तार किया जाएगा।

पर्यटन स्थलों पर बेहतर सड़क संपर्क, स्वच्छ पेयजल, आधुनिक शौचालय, पार्किंग, पर्यटक सहायता केंद्र, प्राथमिक चिकित्सा और सुरक्षा जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास कार्यों में स्थानीय संस्कृति, वास्तुकला और प्राकृतिक परिवेश के संरक्षण का ध्यान रखा जाए।

1,000 पर्यटन उद्यमी तैयार होंगे

मिशन के तहत 1,000 नए पर्यटन उद्यमी तैयार करने और 250 महिला स्व-सहायता समूहों को पर्यटन आधारित गतिविधियों से जोड़ने का लक्ष्य है। इसके अलावा 600 आतिथ्य एवं पर्यटक सहायता कर्मियों और 500 टूर गाइड व अन्य अग्रिम पंक्ति के कर्मियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा।

ग्रामीण और जनजातीय क्षेत्रों में होमस्टे, स्थानीय व्यंजन, हस्तशिल्प, लोककला, पर्यटन मार्गदर्शन और परिवहन सेवाओं को बढ़ावा दिया जाएगा। इससे स्थानीय लोगों को अपने क्षेत्र में ही रोजगार और कारोबार के अवसर मिल सकेंगे।

पर्यटकों की संख्या दोगुनी करने का लक्ष्य

सरकार ने प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की संख्या दोगुनी करने और उनके औसत प्रवास की अवधि बढ़ाकर दो दिन करने का लक्ष्य रखा है। पर्यटकों के लिए होटल, रिसॉर्ट और होमस्टे जैसी आवासीय सुविधाओं के विस्तार के माध्यम से 12 हजार अतिरिक्त कमरों की क्षमता विकसित करने की योजना है।

पर्यटन क्षेत्र में 10 से 20 सार्वजनिक-निजी भागीदारी परियोजनाएं विकसित कर कम से कम 1,000 करोड़ रुपये का निजी निवेश आकर्षित करने का प्रस्ताव है। इससे आवास, परिवहन, खानपान और अन्य पर्यटन सेवाओं के विस्तार के साथ स्थानीय कारोबार को भी बढ़ावा मिलेगा।

चार प्रमुख और 15 मिनी पर्यटन सर्किट बनेंगे

पर्यटकों को एक ही यात्रा में प्रदेश की प्राकृतिक, धार्मिक, ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का अनुभव देने के लिए चार प्रमुख और 15 मिनी पर्यटन सर्किट विकसित किए जाएंगे। प्रमुख पर्यटन मार्गों पर 15 से 20 वे-साइड सुविधाएं और करीब 500 पर्यटन संकेतक लगाए जाएंगे।

पर्यटन सेवाओं को डिजिटल तकनीक से जोड़ने के लिए बहुभाषी वेबसाइट, मोबाइल एप, कृत्रिम बुद्धिमत्ता आधारित सूचना, ऑनलाइन बुकिंग, डिजिटल भुगतान और वास्तविक समय में रास्तों की जानकारी देने वाली सुविधाएं विकसित करने की योजना है। इससे पर्यटक यात्रा की योजना बनाने के साथ आवास, परिवहन और अन्य सेवाओं की जानकारी एक ही मंच पर प्राप्त कर सकेंगे।

जनजातीय संस्कृति और प्रकृति का होगा संरक्षण

मुख्यमंत्री साय ने बस्तर और सरगुजा की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति, लोकनृत्य, पारंपरिक खानपान और हस्तशिल्प को छत्तीसगढ़ की विशिष्ट पहचान बताते हुए इनके संरक्षण और व्यापक प्रचार पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पर्यटन स्थलों का विकास पर्यावरण और जैव विविधता को ध्यान में रखकर किया जाना चाहिए।

मिशन के क्रियान्वयन और निगरानी के लिए मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय मार्गदर्शक समिति तथा मुख्य सचिव की अध्यक्षता में राज्यस्तरीय संचालन समिति गठित करने का प्रावधान है। पर्यटन, लोक निर्माण, वन, नगरीय प्रशासन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, उद्योग और कौशल विकास सहित संबंधित विभागों के समन्वय से परियोजनाओं को चरणबद्ध तरीके से आगे बढ़ाया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को परियोजनाओं के लिए स्पष्ट समय-सीमा तय करने और परिणामों पर केंद्रित कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता, संस्कृति और आत्मीयता को देश-दुनिया तक पहुंचाने के साथ पर्यटन से होने वाली आर्थिक गतिविधियों का लाभ स्थानीय समुदायों तक पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है।

बैठक में पर्यटन मंत्री राजेश अग्रवाल, वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी, मुख्य सचिव विकासशील, मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह, सचिव राहुल भगत एवं प्रभात मलिक, उद्योग सचिव रजत कुमार, पर्यटन सचिव पी. दयानंद, पर्यावरण सचिव अंकित आनंद, वित्त सचिव रोहित यादव, तकनीकी शिक्षा एवं कौशल विकास सचिव एस. भारतीदासन, पीसीसीएफ अरुण पांडेय, नगरीय प्रशासन सचिव सोनमणि बोरा, जल संसाधन सचिव राजेश टोप्पो, छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल के प्रबंध संचालक सौमिल रंजन चौबे सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।


No comments