दर्रीपारा के आंगनबाड़ी केंद्र में ‘आंगन मिलन सेवा’ का शुभारंभ, बच्चों की चित्रकारी और महिलाओं की प्रतिभा ने खींचा ध्यान रायपुर, 25 सितंबर ...
दर्रीपारा के आंगनबाड़ी केंद्र में ‘आंगन मिलन सेवा’ का शुभारंभ, बच्चों की चित्रकारी और महिलाओं की प्रतिभा ने खींचा ध्यान
रायपुर, 25 सितंबर 2026। कवर्धा के दर्रीपारा आंगनबाड़ी केंद्र में शुक्रवार को माहौल उस समय बेहद आत्मीय हो गया, जब दो-तीन साल के नन्हे बच्चे हाथों में फूल और अपनी बनाई चित्रकारी लेकर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा के स्वागत के लिए पहुंचे। बच्चों की मासूमियत देखकर उप मुख्यमंत्री भी उनके बीच पहुंच गए। उन्होंने बच्चों को गोद में उठाया, उनसे बातचीत की, तस्वीरें खिंचवाईं और उन्हें खिलौने व चॉकलेट भेंट किए।
सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित ‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम का शुभारंभ उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने किया। बच्चों और महिलाओं के बीच सहजता से घुल-मिल गए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि यहां आकर उन्हें बिल्कुल घर जैसा माहौल महसूस हो रहा है। बच्चों का उत्साह और उनकी मासूमियत देखकर मन प्रसन्न हो गया।
नन्हे हाथों की चित्रकारी में दिखी बड़ी सोच
कार्यक्रम में बच्चों की बनाई चित्रकारी ने उप मुख्यमंत्री का विशेष ध्यान खींचा। उन्होंने बच्चों की रचनात्मकता की सराहना करते हुए कहा कि छोटी उम्र में बच्चे जिस तरह अपनी सोच को चित्रों के माध्यम से व्यक्त कर रहे हैं, वह प्रेरणादायक है।
एक बच्चे की सैनिक, भगवान शंकर और तिरंगे से जुड़ी चित्रकारी का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि बच्चे ने अपने विचारों को जिस तरह चित्र के माध्यम से सामने रखा, वह बड़ी बात है। बच्चों की चित्रकारी देखकर उप मुख्यमंत्री ने अपने बचपन को भी याद किया और बच्चों, माताओं-बहनों, अभिभावकों तथा महिला एवं बाल विकास विभाग को शुभकामनाएं दीं।
महतारी वंदन की राशि से बेटियों का भविष्य संवार रहीं माताएं
उप मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान महिलाओं से महतारी वंदन योजना की राशि के उपयोग की जानकारी भी ली। महिलाओं ने बताया कि वे योजना से मिलने वाली राशि का उपयोग अपनी बेटियों के भविष्य के लिए सुकन्या समृद्धि योजना, नोनी सुरक्षा योजना सहित अन्य जरूरतों में कर रही हैं।
विजय शर्मा ने कहा कि माताओं के हाथ में राशि पहुंचती है तो उसका सदुपयोग होता है। कई माताएं इस राशि को बेटियों के भविष्य के लिए जमा कर रही हैं, जबकि कुछ परिवार की जरूरी जरूरतों को पूरा करने में इसका इस्तेमाल कर रही हैं। उन्होंने कहा कि यह आर्थिक सहायता परिवार के भविष्य को मजबूत करने में उपयोगी साबित हो रही है।
बच्चों की मुस्कान के साथ महिलाओं की प्रतिभा भी दिखी
‘आंगन मिलन सेवा’ कार्यक्रम में बच्चों के लिए चित्रकला और महिलाओं के लिए रंगोली, मेहंदी तथा पारंपरिक व्यंजन प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। महिलाओं ने उत्साह के साथ इनमें हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
उप मुख्यमंत्री ने रंगोली, मेहंदी और पारंपरिक व्यंजनों की प्रदर्शनी का अवलोकन कर महिलाओं का उत्साह बढ़ाया। कार्यक्रम में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और महतारी वंदन योजना की राशि का उपयोग उपयोगी कार्यों तथा भविष्य की योजनाओं में करने वाली माताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।
लाभार्थी लक्ष्मी साहू और नंद रानी साहू ने भी महतारी वंदन योजना से मिले सहयोग और उसके उपयोग से जुड़े अपने अनुभव साझा किए। कार्यक्रम में बच्चों की मुस्कान, माताओं का उत्साह और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सक्रियता ने ‘आंगन मिलन सेवा’ को आत्मीयता और सहभागिता से भरा आयोजन बना दिया।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments