पीएम जनमन आवास योजना से जनजातीय परिवार को मिला सुरक्षित आशियाना, महतारी वंदन से आर्थिक संबल रायपुर, 25 सितंबर 2026। कभी बारिश की बूंदें स...
पीएम जनमन आवास योजना से जनजातीय परिवार को मिला सुरक्षित आशियाना, महतारी वंदन से आर्थिक संबल
रायपुर, 25 सितंबर 2026। कभी बारिश की बूंदें सरिता बैगा के परिवार के लिए चिंता लेकर आती थीं। कच्ची दीवारों और खपरैल की छत वाले घर में हर बरसात छत टपकने का डर बना रहता था। घर की मरम्मत और बच्चों को बारिश से बचाने की चिंता परिवार की दिनचर्या का हिस्सा थी। अब हालात बदल चुके हैं। पेंड्रा-गौरेला-मरवाही जिले के गौरेला विकासखंड के ग्राम पंडरीपानी निवासी सरिता बैगा अपने पक्के घर में परिवार के साथ सुरक्षित और सुकून की जिंदगी जी रही हैं।
सरिता बताती हैं कि पहले बारिश शुरू होते ही घर की छत से पानी टपकने लगता था। खपरैल को संभालना और हर साल उसकी मरम्मत कराना परिवार के लिए मुश्किल होता था। बच्चों को सुरक्षित रखने की चिंता भी बनी रहती थी। ऐसे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित पीएम जनमन आवास योजना उनके परिवार के लिए उम्मीद लेकर आई।
योजना के तहत सरिता के परिवार को पक्का आवास मिला। अब बारिश में छत नहीं टपकती और परिवार को सुरक्षित छत मिल गई है। बच्चों के लिए भी घर में सुरक्षित माहौल है। सरिता के लिए यह मकान केवल ईंट और सीमेंट से बनी इमारत नहीं, बल्कि वर्षों पुरानी चिंता से मुक्ति और सम्मान के साथ जीवन जीने का सहारा है।
सरिता कहती हैं कि पहले बारिश आते ही चिंता होती थी कि छत कहां से टपकेगी और बच्चों को कैसे सुरक्षित रखा जाएगा। अब पक्का घर मिलने के बाद बारिश का डर खत्म हो गया है। उनके चेहरे की मुस्कान इस बदलाव की कहानी खुद बयां करती है।
महतारी वंदन से घरेलू बजट को सहारा
सरिता बैगा को महतारी वंदन योजना के तहत हर माह नियमित आर्थिक सहायता भी मिल रही है। इससे उन्हें घरेलू जरूरतों और परिवार के छोटे-बड़े खर्च पूरे करने में सहूलियत हो रही है। एक ओर पक्का आवास परिवार को सुरक्षा दे रहा है, वहीं नियमित आर्थिक सहायता घरेलू बजट संभालने में मददगार बन रही है।
सरिता के जीवन में आया यह बदलाव केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के जमीनी स्तर पर पहुंचने का उदाहरण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जनजातीय और वंचित परिवारों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार भी पात्र परिवारों तक इन योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
सरिता के लिए सरकारी योजनाएं अब सिर्फ कागजों पर दर्ज प्रावधान नहीं हैं, बल्कि उनके जीवन में महसूस किया गया बदलाव हैं। पक्के घर की सुरक्षित छत और आर्थिक सहायता ने परिवार का आत्मविश्वास बढ़ाया है और बच्चों के भविष्य को लेकर भरोसा मजबूत किया है।
सरिता ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए सरकारी योजनाएं जीवन बदलने का माध्यम बन रही हैं। कच्चे घर से पक्के आशियाने तक का उनका सफर इस बात की मिसाल है कि योजनाओं का लाभ जब जरूरतमंद परिवार तक पहुंचता है, तो उसके जीवन में सुरक्षा, सम्मान और खुशियों की नई शुरुआत होती है।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments