वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कला एवं संगीत महाविद्यालय और अगले पांच वर्षों में 10 ऑक्सीजन गार्डन विकसित करने का रोडमैप बताया रायपुर, 23 सितंब...
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कला एवं संगीत महाविद्यालय और अगले पांच वर्षों में 10 ऑक्सीजन गार्डन विकसित करने का रोडमैप बताया
रायपुर, 23 सितंबर 2026। अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त 41वें चक्रधर समारोह का बुधवार को भव्य समापन हुआ। अंतिम संध्या का शुभारंभ वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। उन्होंने महाराजा चक्रधर सिंह की कला साधना और योगदान को नमन करते हुए कहा कि उनके संरक्षण से रायगढ़ घराने के कथक को देशभर में विशिष्ट पहचान मिली। चक्रधर समारोह इसी गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत को आगे बढ़ाने का माध्यम है।
समापन समारोह में वित्त मंत्री ने रायगढ़ के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने बताया कि शहर में 2 करोड़ रुपए की लागत से आधुनिक कंटेंट क्रिएटर्स स्टूडियो बनाया जाएगा। इससे स्थानीय युवाओं, कलाकारों और कंटेंट क्रिएटर्स को आधुनिक संसाधन और रचनात्मक मंच मिलेगा। स्थानीय कला-संस्कृति को डिजिटल माध्यमों से व्यापक मंच देने में भी यह सुविधा उपयोगी होगी।
कला एवं संगीत महाविद्यालय की होगी स्थापना
वित्त मंत्री ने कहा कि रायगढ़ में कला एवं संगीत महाविद्यालय की स्थापना की जाएगी। इसके लिए बजट में प्रावधान किया जा चुका है और आगे की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि अगले पांच वर्षों में कमला नेहरू पार्क की तर्ज पर 10 नए ऑक्सीजन गार्डन विकसित करने का लक्ष्य रखा गया है। इसी क्रम में खर्रा घाट के करीब पांच एकड़ क्षेत्र में ऑक्सीजन गार्डन विकसित किया जाएगा। इसका भूमि पूजन जल्द किया जाएगा।
पुल, रिंग रोड और खेल सुविधाओं पर भी काम
चौधरी ने बताया कि राजू नगर में डेयरी, खर्रा घाट में ऑक्सीजोन, गजमार पहाड़ और नगर वन के विकास सहित कई परियोजनाओं पर काम आगे बढ़ रहा है। खेल सुविधाओं के विस्तार और मरीन ड्राइव के विकास की योजनाएं भी शामिल हैं।
कयाघाट पुल, केवड़ावाड़ी पुल, राजा महल के पास पुल और गोवर्धनपुर पुल के निर्माण से शहर की कनेक्टिविटी मजबूत करने की योजना है। सड़कों का चौड़ीकरण, रिंग रोड, स्पोर्ट्स सुविधाओं का विस्तार, प्रयास विद्यालय, नवगुरु स्कूल, हॉर्टिकल्चर कॉलेज, फिजियोथेरेपी कॉलेज और नेचुरोपैथी कॉलेज जैसी परियोजनाओं को भी विकास रोडमैप में शामिल किया गया है।
नारायणपुर के पुनर्वासित कलाकारों को 51 हजार रुपए
समारोह में कलाकार आयुष नामदेव और उनके बैंड का सम्मान किया गया। वहीं नारायणपुर से आए पुनर्वासित कलाकारों की प्रस्तुति की वित्त मंत्री ने सराहना की और उनके लिए 51 हजार रुपए की सम्मान राशि देने की घोषणा की।
नक्सल संगठन में कमांडर रह चुकीं और पुनर्वास के बाद कला के माध्यम से समाज की मुख्यधारा से जुड़ीं चौती दीदी को उनकी कला प्रस्तुति के लिए शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।
सांसदों ने भी महाराजा चक्रधर सिंह को किया याद
सांसद राधेश्याम राठिया ने कहा कि 14 सितंबर से आयोजित समारोह में देशभर के ख्यात कलाकारों ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। उन्होंने चक्रधर समारोह को रायगढ़ की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा बताया।
राज्यसभा सांसद देवेंद्र प्रताप सिंह ने महाराजा चक्रधर सिंह के कला एवं संस्कृति संरक्षण में योगदान को याद करते हुए कहा कि उनके प्रयासों ने रायगढ़ को विशिष्ट सांस्कृतिक पहचान दिलाई। देशभर के कलाकारों की सहभागिता से चक्रधर समारोह लगातार आगे बढ़ रहा है।
समापन समारोह में महापौर जीवर्धन सिंह चौहान, जिला पंचायत अध्यक्ष शिखा रविन्द्र गबेल, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments