——

Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Pages

Classic Header

{fbt_classic_header}

Top Ad

ब्रेकिंग :

latest

Breaking News

- Advertisement - Ads " alt="" />" alt="" />

‘मन की बात’ नवाचारों और प्रेरक प्रयासों को देती है राष्ट्रीय पहचान : मुख्यमंत्री साय

रायपुर, 30 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राजधानी के निरंजन धर्मशाला में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्र...




रायपुर, 30 अगस्त 2026। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने राजधानी के निरंजन धर्मशाला में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की 137वीं कड़ी सुनी। उन्होंने कहा कि ‘मन की बात’ केवल रेडियो कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री का देशवासियों से आत्मीय संवाद का सशक्त माध्यम है। इसके जरिए देश के दूर-दराज क्षेत्रों में समाज और राष्ट्रहित में निस्वार्थ भाव से काम कर रहे लोगों तथा नवाचारों को राष्ट्रीय पहचान मिलती है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री ने ‘नशामुक्त युवा, विकसित भारत’ का संदेश देते हुए युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए परिवार और समाज की सामूहिक भागीदारी पर जोर दिया है। उन्होंने प्रदेशवासियों से नशामुक्ति के प्रयासों में सक्रिय सहयोग की अपील की।

उन्होंने ‘हर घर तिरंगा’ अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि 8 करोड़ से अधिक लोगों द्वारा तिरंगे के साथ सेल्फी अपलोड करना राष्ट्रध्वज के प्रति देशवासियों के सम्मान और राष्ट्रप्रेम को दर्शाता है। पीएम स्वनिधि योजना का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि योजना से बड़ी संख्या में महिलाएं छोटे कारोबार को आगे बढ़ाकर आत्मनिर्भर बन रही हैं।

अंतरिक्ष विज्ञान में छत्तीसगढ़ की बेटी का गौरव

मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत की बेटियां विज्ञान और तकनीक सहित हर क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल कर रही हैं। ‘मन की बात’ में मिशन शक्ति सैट का उल्लेख करते हुए उन्होंने छत्तीसगढ़ की महिमा राजपूत की उपलब्धि पर गर्व जताया। उन्होंने महिमा को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता प्रदेश की अन्य बेटियों को भी बड़े सपने देखने के लिए प्रेरित करेगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘मन की बात’ में बस्तर ओलंपिक, मल्हार के प्राचीन ताम्रपत्र और काले हिरण संरक्षण जैसे छत्तीसगढ़ के प्रयासों का उल्लेख प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता, आत्मनिर्भरता, नवाचार और समाजसेवा जैसे कार्यों में जनभागीदारी से ही विकसित भारत का संकल्प पूरा होगा।

इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री श्री अरुण साव, केंद्रीय राज्य मंत्री श्री तोखन साहू, राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, राजस्व मंत्री श्री टंकराम वर्मा, विधायक श्री मोतीलाल साहू एवं श्री पुरंदर मिश्रा सहित जनप्रतिनिधि, संतजन और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

No comments