48.69 लाख हेक्टेयर बोनी के लक्ष्य के मुकाबले 47.40 लाख हेक्टेयर में खेती पूरी, 4.58 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज का भी वितरण रायपुर, 25 अगस्त ...
48.69 लाख हेक्टेयर बोनी के लक्ष्य के मुकाबले 47.40 लाख हेक्टेयर में खेती पूरी, 4.58 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज का भी वितरण
रायपुर, 25 अगस्त 2026। प्रदेश में खरीफ फसलों की बोनी का काम अंतिम चरण में पहुंच गया है। 25 अगस्त की स्थिति में राज्य में निर्धारित 48.69 लाख हेक्टेयर के लक्ष्य के मुकाबले 47.40 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में विभिन्न फसलों की बोनी पूरी हो चुकी है। यह लक्ष्य का 97 प्रतिशत है। वहीं किसानों को अब तक 12.07 लाख मीट्रिक टन उर्वरक और 4.58 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित किया जा चुका है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने किसानों को खेती-किसानी में किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने किसानों की मांग के अनुसार प्रमाणित खाद और बीज की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। साथ ही समितियों में पर्याप्त खाद-बीज का भंडारण रखने और इसकी लगातार निगरानी करने को कहा है। कृषि विकास एवं किसान कल्याण मंत्री श्री रामविचार नेताम के मार्गदर्शन में कृषि विभाग के अधिकारी खाद-बीज की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था पर लगातार नजर रख रहे हैं।
47.40 लाख हेक्टेयर में विभिन्न फसलों की बोनी
कृषि विभाग के अधिकारियों के अनुसार मानसून के साथ प्रदेश में खरीफ फसलों की बोनी शुरू हुई थी, जो अब अंतिम चरण में है। राज्य में अब तक 47.40 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में धान, मक्का, कोदो, कुटकी, अरहर, मूंग, मूंगफली और रामतिल सहित विभिन्न फसलों की बोनी पूरी हो चुकी है। राज्य सरकार ने खरीफ सीजन 2026 में कुल 48.69 लाख हेक्टेयर क्षेत्र में बोनी का लक्ष्य निर्धारित किया है।
12.07 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरित
प्रदेश में खरीफ सीजन के लिए 15.55 लाख मीट्रिक टन उर्वरक वितरण का लक्ष्य रखा गया है। इसके मुकाबले सहकारी और निजी क्षेत्र में 16.67 लाख मीट्रिक टन उर्वरक का भंडारण किया जा चुका है। भंडारित उर्वरक में से अब तक 12.07 लाख मीट्रिक टन किसानों को वितरित किया जा चुका है, जो निर्धारित लक्ष्य का 72 प्रतिशत है।
4.58 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज का वितरण
खरीफ सीजन 2026 के लिए बीज निगम ने प्रदेश में 4.95 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरण का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसके विरुद्ध 4.80 लाख क्विंटल बीज का भंडारण किया गया है। अब तक किसानों को 4.58 लाख क्विंटल प्रमाणित बीज वितरित किया जा चुका है, जो कुल मांग का 93 प्रतिशत है।
839.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज
अधिकारियों ने बताया कि 25 अगस्त की सुबह तक प्रदेश में 839.4 मिलीमीटर औसत वर्षा दर्ज की गई है। प्रदेश की औसत वार्षिक वर्षा 1246.3 मिलीमीटर है। वहीं पिछले 10 वर्षों के आधार पर इस अवधि की औसत वर्षा 810.2 मिलीमीटर रही है। इस वर्ष अब तक दर्ज वर्षा पिछले 10 वर्षों की औसत वर्षा से 29.2 मिलीमीटर अधिक है। पिछले वर्ष इसी अवधि में 821.0 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई थी।
किसानों को 7778.76 करोड़ रुपये का अल्पकालीन कृषि ऋण
किसानों को खेती-किसानी के लिए आवश्यक आर्थिक सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से अल्पकालीन कृषि ऋण भी वितरित किया जा रहा है। कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि खरीफ सीजन 2026 में 24 अगस्त की स्थिति तक किसानों को 7778.76 करोड़ रुपये का अल्पकालीन कृषि ऋण वितरित किया जा चुका है। पिछले वर्ष इसी अवधि में 6449.95 करोड़ रुपये का ऋण वितरित किया गया था। इस वर्ष किसानों को कुल 8800 करोड़ रुपये का अल्पकालीन कृषि ऋण वितरित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
इस तरह खरीफ सीजन में बोनी का काम लगभग पूरा होने के साथ किसानों को खाद, बीज और कृषि ऋण की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर भी राज्य सरकार का जोर है।:::

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments