रायपुर/रायगढ़, 31 जुलाई। राज्यपाल श्री रमेन डेका ने रायगढ़ प्रवास के दौरान जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक में स्पष्ट ...
रायपुर/रायगढ़, 31 जुलाई। राज्यपाल श्री रमेन डेका ने रायगढ़ प्रवास के दौरान जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक में स्पष्ट कहा कि शासन की योजनाओं का उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब उनका लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक प्रभावी ढंग से पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों को जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए गंभीरता, जवाबदेही और आपसी समन्वय के साथ योजनाओं का क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में राज्यपाल ने जल संरक्षण, पौधारोपण, पर्यावरण संरक्षण, जैविक खेती, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य, योग, टीबी उन्मूलन, महिला सशक्तिकरण, आजीविका, सहकारिता, नशामुक्ति और सड़क सुरक्षा सहित 20 से अधिक विषयों की समीक्षा की। उन्होंने वर्षा जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने, पुराने जल स्रोतों के संरक्षण और "एक पेड़ मां के नाम" अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने जैविक खेती और फसल विविधीकरण को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने, महिलाओं को स्व-सहायता समूहों और स्वरोजगार से जोड़ने, सार्वजनिक शौचालयों के बेहतर रखरखाव, टीबी उन्मूलन अभियान में तेजी लाने और विशेष पिछड़ी जनजातियों के विकास पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। राज्यपाल ने नालंदा लाइब्रेरी की सराहना करते हुए इसे युवाओं के लिए उपयोगी पहल बताया तथा दूरस्थ क्षेत्रों तक ऐसी सुविधाएं पहुंचाने की बात कही।
बैठक में राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, कलेक्टर मयंक चतुर्वेदी, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशिमोहन सिंह सहित जिला एवं विकासखंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments