नई दिल्ली/रायपुर, 31 जुलाई। छत्तीसगढ़ में नई धान खरीदी से पहले गोदामों में जगह खाली कराने की कवायद तेज हो गई है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्...
नई दिल्ली/रायपुर, 31 जुलाई। छत्तीसगढ़ में नई धान खरीदी से पहले गोदामों में जगह खाली कराने की कवायद तेज हो गई है। इसी उद्देश्य से मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने केंद्रीय उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्री प्रह्लाद जोशी से मुलाकात कर राज्य से 5 लाख मीट्रिक टन चावल का शीघ्र उठाव कराने और हर महीने पर्याप्त रेलवे रैक उपलब्ध कराने का आग्रह किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि समय पर परिवहन होने से गोदामों में नई फसल के भंडारण के लिए पर्याप्त स्थान उपलब्ध होगा और किसानों से धान खरीदी की व्यवस्था बिना किसी बाधा के संचालित की जा सकेगी।
नई दिल्ली स्थित कर्तव्य भवन में हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2025-26 के लिए छत्तीसगढ़ को केंद्रीय पूल में 73 लाख टन चावल उपलब्ध कराने का लक्ष्य मिला है। इस लक्ष्य को समय पर पूरा करने के लिए चावल का नियमित उठाव बेहद जरूरी है। उन्होंने केंद्र सरकार से राज्य को प्रतिमाह कम से कम 250 रेलवे रैक उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, ताकि परिवहन में किसी प्रकार की रुकावट न आए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि रेलवे रैक की पर्याप्त उपलब्धता से न केवल चावल का तेजी से परिवहन होगा, बल्कि गोदामों में नई फसल के लिए समय रहते जगह भी खाली हो जाएगी। इससे आगामी धान खरीदी अभियान को भी गति मिलेगी और किसानों को अपनी उपज बेचने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी।
मुख्यमंत्री के आग्रह पर केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी ने सकारात्मक प्रतिक्रिया देते हुए आवश्यक सहयोग का आश्वासन दिया। इस दौरान मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध सिंह भी बैठक में मौजूद रहे।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments