बलौदाबाजार के सकरी स्थित मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल में जिला स्तरीय वन महोत्सव 2026 का आयोजन, विद्यार्थियों ने चित्रकला और रंगोली से दिया हरि...
बलौदाबाजार के सकरी स्थित मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल में जिला स्तरीय वन महोत्सव 2026 का आयोजन, विद्यार्थियों ने चित्रकला और रंगोली से दिया हरियाली का संदेश
रायपुर, 1 अगस्त 2026। पर्यावरण संरक्षण और हरियाली के संकल्प के साथ शनिवार को बलौदाबाजार के सकरी स्थित मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल में जिला स्तरीय वन महोत्सव 2026 का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजस्व मंत्री श्री टंक राम वर्मा शामिल हुए। जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, स्कूली बच्चों और नागरिकों की मौजूदगी में वृहद पौधारोपण किया गया।
राजस्व मंत्री ने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पौधारोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इस दौरान सभी अतिथियों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और पौधों की सुरक्षा व देखभाल का संकल्प भी लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी द्वारा शुरू किया गया 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान केवल एक संदेश नहीं, बल्कि जन-जन को जोड़ने वाला देशव्यापी महाअभियान है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। हर व्यक्ति अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाए और उसे वृक्ष बनने तक सुरक्षित रखे। उन्होंने कहा कि केवल पौधा लगाना ही नहीं, बल्कि उसकी नियमित देखभाल करना ही इस अभियान की वास्तविक सफलता है।
समारोह में विद्यार्थियों के लिए चित्रकला और रंगोली प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया। बच्चों ने अपनी कलाकृतियों के माध्यम से प्रकृति और वृक्षों के संरक्षण का संदेश दिया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
इसके साथ ही भीषण दावानल से वनों की रक्षा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वनसाथियों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में राज्यसभा सांसद श्रीमती लक्ष्मी वर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आकांक्षा जायसवाल, कलेक्टर, वनमंडलाधिकारी सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, शिक्षक, छात्र-छात्राएं और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और पर्यावरण संरक्षण के इस अभियान से जुड़ने का आह्वान किया।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments