गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 23 जुलाई 2026 / जिले के युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से रोजगार-स्वरोजगार से जोड़ने तथा प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुनिश्...
गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, 23 जुलाई 2026 / जिले के युवाओं को कौशल विकास के माध्यम से रोजगार-स्वरोजगार से जोड़ने तथा प्रशिक्षण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री विजय दयाराम के. ने आज जिला लाइवलीहुड कॉलेज और शासकीय आईटीआई गौरला एवं पेंड्रा का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रशिक्षण व्यवस्थाओं का जायजा लिया, प्रशिक्षणार्थियों से संवाद किया तथा संस्थानों में संचालित विभिन्न पाठ्यक्रमों की प्रगति, प्रवेश एवं उपस्थिति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने लाइवलीहुड कॉलेज गौरेला में संचालित जल जीवन मिशन एवं जनरल ड्यूटी असिस्टेंट प्रशिक्षण बैचों का निरीक्षण किया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से संवाद कर उनके व्यावहारिक ज्ञान का परीक्षण किया तथा प्रशिक्षण के बाद उपलब्ध रोजगार के अवसरों, पाठ्यक्रम की अवधि, प्रशिक्षणार्थियों की संख्या और संबंधित ट्रेडों की वर्तमान मांग के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से सीखे गए कौशल का बेहतर उपयोग कर रोजगार प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया। कलेक्टर ने कहा कि कौशल आधारित प्रशिक्षण युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने का प्रभावी माध्यम है। उन्होंने सकारात्मक संवाद के माध्यम से प्रशिक्षणार्थियों का उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें पूरी लगन और अनुशासन के साथ प्रशिक्षण पूरा करने की सलाह दी। इस अवसर पर उन्होंने जल जीवन मिशन के प्रशिक्षणार्थियों को यूनिफॉर्म भी वितरित की। कलेक्टर ने शासकीय आईटीआई गौरला एवं पेंड्रा का भी निरीक्षण कर संचालित ट्रेडों, प्रवेश की स्थिति, उपलब्ध स्टाफ एवं प्रशिक्षण व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने फिटर ट्रेड की प्रायोगिक कार्यशाला में पहुंचकर छात्र-छात्राओं से विभिन्न व्यावहारिक कार्य कराए तथा उनके कौशल का आकलन किया। उन्होंने प्रशिक्षणार्थियों से ब्लेड लगाना, फाइलिंग करना एवं सामग्री की कटिंग जैसे कार्य कराकर उनकी दक्षता का परीक्षण किया। साथ ही आईटीआई पेंड्रा में प्रशिक्षणार्थियों की उपस्थिति बढ़ाने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने आईटीआई गौरला में आगामी जिला स्तरीय प्रवेश उत्सव की तैयारियों की जानकारी लेते हुए अधिक से अधिक युवाओं को कौशल प्रशिक्षण से जोड़ने कहा। आईटीआई गौरला में प्रवेश सत्र 2026 के अनुसार कुल 292 सीटें स्वीकृत हैं, जिनमें से 200 सीटों पर प्रवेश हो चुका है, 92 सीटें रिक्त हैं। वहीं शासकीय आईटीआई पेंड्रा में कुल 136 सीटों के विरुद्ध 94 प्रशिक्षार्थियों ने प्रवेश लिया है तथा 42 सीटें रिक्त हैं। इस प्रकार आईटीआई पेंड्रा में अब तक 69 प्रतिशत प्रवेश दर्ज किया गया है। रिक्त सीटों पर भर्ती प्रकिया प्रारंभ हो गई है निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मुकेश रावटे, लाइवलीहुड कॉलेज की प्रभारी सहायक संचालक सह डिप्टी कलेक्टर सुश्री आकांक्षा पांडेय सहित संस्थान के अधिकारी उपस्थित रहे।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments