बोले- सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा, युवाओं को दिए सकारात्मक सोच और श्रेष्ठ संस्कारों के मंत्र रायपुर। धमतरी जिले की ...
बोले- सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा, युवाओं को दिए सकारात्मक सोच और श्रेष्ठ संस्कारों के मंत्र
रायपुर। धमतरी जिले की नगरी नगर पंचायत में विकास को नई गति देते हुए प्रदेश के राजस्व एवं उच्च शिक्षा मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने शुक्रवार को 2 करोड़ 76 लाख 13 हजार रुपये की लागत वाले विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने चौपाटी परिसर में पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया।
नगर पंचायत नगरी के सांस्कृतिक भवन में आयोजित समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की गारंटी और मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समावेशी विकास और सुशासन के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है और विकास कार्यों को लगातार गति मिल रही है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, हर घर जल योजना, उज्ज्वला योजना, महतारी वंदन योजना, राशन कार्ड और सामाजिक सुरक्षा पेंशन जैसी योजनाओं का उद्देश्य प्रत्येक नागरिक को आत्मनिर्भर बनाना और सम्मानजनक जीवन उपलब्ध कराना है।
युवाओं से सकारात्मक सोच अपनाने का आह्वान
मंत्री श्री वर्मा ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि सकारात्मक सोच, अनुशासन, श्रेष्ठ संस्कार और निरंतर अध्ययन ही सफलता की कुंजी हैं। उन्होंने युवाओं से अच्छी पुस्तकों का अध्ययन करने और महान व्यक्तित्वों से प्रेरणा लेकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया।
पर्यावरण संरक्षण पर उन्होंने कहा कि विकास और पर्यावरण एक-दूसरे के पूरक हैं। हरित नगरी का निर्माण जनभागीदारी से ही संभव है। प्रत्येक व्यक्ति को पौधरोपण और पर्यावरण संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए।
कई विकास कार्यों का हुआ लोकार्पण
मंत्री श्री वर्मा ने नगरी नगर पंचायत में 17.02 लाख रुपये की लागत से किए गए चौपाटी दुकान सौंदर्यीकरण कार्य और 41.10 लाख रुपये की लागत से निर्मित पानी टंकी का लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया।
इसके साथ ही भविष्य की विकास योजनाओं के लिए कई कार्यों का भूमिपूजन किया गया। इनमें 57.36 लाख रुपये की लागत से एमआरएफ एवं कम्पोस्ट प्लांट, 19.89 लाख रुपये की लागत से क्रिकेट बॉक्स निर्माण, 27.07 लाख रुपये की लागत से मुक्तिधाम विकास कार्य शामिल हैं। इसके अलावा 15वें वित्त आयोग के अंतर्गत 1.14 करोड़ रुपये की लागत वाले 16 अन्य विकास कार्यों की आधारशिला भी रखी गई।
हितग्राहियों को बांटे प्रमाण पत्र
कार्यक्रम के दौरान मंत्री श्री टंक राम वर्मा ने प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों को स्वीकृति पत्र, पात्र परिवारों को राशन कार्ड तथा मुख्यमंत्री तीर्थ दर्शन योजना के लाभार्थियों को प्रमाण पत्र वितरित किए।
नगरी में 10 करोड़ के विकास कार्य स्वीकृत
नगर पंचायत अध्यक्ष ने बताया कि राज्य सरकार के मार्गदर्शन में नगरी नगर पंचायत के लिए करीब 10 करोड़ रुपये के विकास कार्य स्वीकृत किए गए हैं। इनमें आधुनिक लाइब्रेरी, बॉक्स क्रिकेट मैदान, सीसी सड़क, नाली निर्माण सहित अन्य कार्य शामिल हैं। इन योजनाओं से नगरी को आधुनिक और सुव्यवस्थित शहर के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष, पूर्व विधायक श्री श्रवण मरकाम, श्रीमती पिंकी ध्रुव, जनपद अध्यक्ष सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments