Abernews। रायपुर में सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका के बीच महापौर ने स्पष्ट किया है कि शहर की स्वच्छता से किसी भी तरह का समझौता नहीं क...
Abernews। रायपुर में सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका के बीच महापौर ने स्पष्ट किया है कि शहर की स्वच्छता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा। रामकी कंपनी के कुछ ड्राइवरों द्वारा काम बंद किए जाने और अन्य कर्मचारियों को भी ड्यूटी पर जाने से रोकने की शिकायतों के बाद महापौर ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में अपनी बात रखने का अधिकार सभी को है, लेकिन काम करने वालों को रोकना न तो नैतिक है और न ही कानूनन सही।
महापौर ने कहा कि शहर की सफाई व्यवस्था किसी भी स्थिति में बाधित नहीं होनी चाहिए। रायपुर की जनता को गंदगी और अव्यवस्था के बीच नहीं छोड़ा जा सकता। उन्होंने रामकी कंपनी प्रबंधन को वैकल्पिक व्यवस्था तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि वार्डों से कचरा उठाने का काम लगातार चलता रहे। साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों को भी पूरे मामले पर नजर रखने और काम में बाधा डालने वालों पर नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया है।
महापौर ने कहा कि कुछ कर्मचारी स्वयं काम बंद करने के साथ उन ड्राइवरों को भी रोकने का प्रयास कर रहे हैं, जो अपनी जिम्मेदारी निभाना चाहते हैं। उन्होंने इसे गलत बताते हुए कहा कि किसी भी समस्या का समाधान बातचीत और समन्वय से निकाला जा सकता है, काम बंद कर शहर की व्यवस्था प्रभावित करना उचित नहीं है।
उन्होंने यह भी कहा कि जनप्रतिनिधि होने के नाते उनके द्वार हर कर्मचारी और नागरिक के लिए खुले हैं। यदि किसी को वेतन, कामकाज या अन्य किसी प्रकार की समस्या है तो वे सीधे चर्चा कर सकते हैं। संवाद के रास्ते हमेशा खुले हैं, लेकिन शहरहित से जुड़ी सेवाओं का बहिष्कार स्वीकार नहीं किया जाएगा।
महापौर ने ड्राइवरों और कर्मचारियों से अपील करते हुए कहा कि वे शहर के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझें और जल्द काम पर लौटें। उन्होंने दोहराया कि प्रशासन कर्मचारियों की समस्याओं के प्रति संवेदनशील है, लेकिन नागरिकों के स्वास्थ्य और स्वच्छता व्यवस्था को बनाए रखने के लिए आवश्यक निर्णय लिए जाएंगे।
" alt="" />" alt="" />

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments