——

Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Pages

Classic Header

{fbt_classic_header}

Top Ad

ब्रेकिंग :

latest

Breaking News

- Advertisement - Ads " alt="" />" alt="" />

RSS का देशभर में संगठन विस्तार, 99,423 दैनिक शाखाएं हुईं: 5 करोड़ लोगों तक पहुंचे हिंदू सम्मेलन; युवाओं को नशे से बचाने के लिए बनेगा राष्ट्रीय अभियान

इंदौर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने देशभर में संगठन के विस्तार के साथ सामाजिक मुद्दों पर अपनी सक्रियता बढ़ाने की तैयारी की है। इंदौर मे...




इंदौर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) ने देशभर में संगठन के विस्तार के साथ सामाजिक मुद्दों पर अपनी सक्रियता बढ़ाने की तैयारी की है। इंदौर में अखिल भारतीय कार्यकारी मंडल की बैठक के समापन पर सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले ने बताया कि देश में संघ की 99 हजार 423 दैनिक शाखाएं संचालित हो रही हैं। वहीं संगठन का काम 1 लाख 3 हजार 397 स्थानों तक पहुंच चुका है। संघ के शताब्दी वर्ष में आयोजित हिंदू सम्मेलनों में करीब 5 करोड़ लोगों ने भाग लिया, जबकि 10 करोड़ से ज्यादा घरों तक संपर्क किया गया।

प्रेस वार्ता में होसबोले ने युवाओं में बढ़ती नशे और ड्रग्स की लत पर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि संघ सामाजिक संगठनों और एनजीओ के साथ मिलकर नशे के खिलाफ देशव्यापी जागरूकता अभियान चलाने की योजना बना रहा है। इसमें नशे की गिरफ्त में आ चुके युवाओं की काउंसलिंग और पुनर्वास पर भी ध्यान दिया जाएगा। इस दौरान उन्होंने आरक्षण, SIR, Gen-Z आंदोलन, सोशल मीडिया, हिंदुत्व और महिलाओं की भागीदारी जैसे मुद्दों पर भी संघ का पक्ष रखा।

65 हजार से ज्यादा हिंदू सम्मेलन, करीब 5 करोड़ लोग जुड़े

होसबोले ने बताया कि शताब्दी वर्ष के दौरान देशभर में 65 हजार 664 हिंदू सम्मेलन आयोजित किए गए। इनमें ग्रामीण क्षेत्रों में 37 हजार 80 और शहरी बस्तियों में 28 हजार 584 सम्मेलन हुए। इन कार्यक्रमों में कुल 4 करोड़ 93 लाख 76 हजार लोगों ने भाग लिया। सम्मेलनों में सामाजिक समरसता, आपसी सहयोग, पंच परिवर्तन और नशे से दूर रहने का संदेश दिया गया।

10 करोड़ घरों तक पहुंचा संपर्क अभियान

संघ ने शताब्दी वर्ष में गृह संपर्क अभियान भी चलाया। इसके तहत 4 लाख 63 हजार से ज्यादा गांवों और शहरों की 41 हजार 825 बस्तियों में संपर्क किया गया। स्वयंसेवक 10 करोड़ 22 लाख से ज्यादा घरों तक पहुंचे। युवाओं को संगठन से जोड़ने के लिए 57 हजार 243 कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें 31 लाख से अधिक कॉलेज विद्यार्थियों और करीब 7 लाख व्यवसायी युवाओं ने भाग लिया।

88 संभागों में होगी नई संगठनात्मक व्यवस्था

संघ अपनी संगठनात्मक संरचना में भी बदलाव करने जा रहा है। होसबोले ने बताया कि वर्तमान में संघ के 46 प्रांत हैं। नवंबर-दिसंबर में प्रांतों के संघचालकों का निर्वाचन और नई कार्यकारिणी की रचना होगी। इसके बाद देशभर में 88 संभागों के आधार पर संगठनात्मक काम किया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह नए पद बनाने की प्रक्रिया नहीं, बल्कि संगठन की नई व्यवस्था होगी।

नशे के खिलाफ जागरूकता के साथ पुनर्वास पर भी जोर

होसबोले ने कहा कि युवाओं में ड्रग्स और नशीले पदार्थों की लत गंभीर चिंता का विषय है। इसके पीछे सक्रिय अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क और बड़े कारोबार पर प्रशासन को कार्रवाई करनी चाहिए। संघ नशे के खिलाफ काम करने वाले एनजीओ और सामाजिक संस्थाओं को साथ लेकर अभियान चलाएगा। उन्होंने कहा कि केवल जागरूकता से समस्या हल नहीं होगी। नशे की गिरफ्त में आ चुके युवाओं की मानसिक काउंसलिंग, पुनर्वास और परिवारों की भूमिका पर भी काम करना जरूरी है।

आरक्षण समानता आने तक जारी रहना चाहिए

आरक्षण के मुद्दे पर होसबोले ने कहा कि सामाजिक और शैक्षणिक भेदभाव के कारण पिछड़े वर्गों को दी गई आरक्षण व्यवस्था तब तक जारी रहनी चाहिए, जब तक समाज में वास्तविक समानता नहीं आ जाती। उन्होंने कहा कि आरक्षण सामाजिक न्याय का विषय है, इसे वोट बैंक की राजनीति से नहीं जोड़ना चाहिए। व्यवस्था में सुधार की जरूरत हो तो लाभार्थियों की राय से बदलाव किया जाना चाहिए।

Gen-Z के गुस्से को समझें, हिंसा का समर्थन नहीं

युवाओं के आंदोलनों पर उन्होंने कहा कि उनकी समस्याओं और आकांक्षाओं को समझना जरूरी है। युवाओं के सवालों को देशविरोधी मानना उचित नहीं है। उनके साथ सकारात्मक संवाद होना चाहिए। हालांकि, राजनीतिक स्वार्थ के लिए युवाओं का इस्तेमाल करने, हिंसा फैलाने और समाज में विभाजन पैदा करने का विरोध किया जाना चाहिए।

SIR का समर्थन, गलत नाम हटाने की जरूरत बताई

मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) पर होसबोले ने कहा कि मतदाता सूची का समय-समय पर शुद्धिकरण जरूरी है। मृत व्यक्तियों, एक से अधिक स्थानों पर दर्ज नाम और गैर-नागरिकों के नाम सूची में नहीं होने चाहिए। उन्होंने कहा कि किसी पात्र मतदाता का नाम गलती से हटता है तो वह चुनाव आयोग या अदालत में शिकायत कर सकता है।

सोशल मीडिया पर नियंत्रण से ज्यादा संस्कार जरूरी

इंटरनेट और सोशल मीडिया पर अश्लील सामग्री को लेकर होसबोले ने कहा कि केवल कानून बनाकर इस समस्या का समाधान नहीं किया जा सकता। बच्चों को परिवार, स्कूल और समाज के माध्यम से संस्कार और जीवन मूल्य सिखाने होंगे। उन्होंने परिवारों से अपील की कि दिन में कम से कम आधा घंटा या सप्ताह में एक घंटा मोबाइल से दूर रहकर सभी सदस्य साथ बैठें और बातचीत करें।

हिंदू और हिंदुत्व को अलग नहीं मानते

हिंदू और हिंदुत्व को लेकर होसबोले ने कहा कि दोनों को अलग-अलग नहीं देखा जा सकता। उनके मुताबिक, हिंदुत्व का अर्थ हिंदू होने के भाव और गुणों से है। उन्होंने कहा कि संघ की स्थापना के समय डॉ. हेडगेवार ने भी समाज में हिंदुत्व के भाव जागृत करने पर जोर दिया था।

काशी-मथुरा पर अलग आंदोलन की योजना नहीं

काशी, मथुरा और ज्ञानवापी जैसे धार्मिक मुद्दों पर उन्होंने कहा कि न्यायालय में चल रहे मामलों को कानूनी प्रक्रिया से आगे बढ़ने देना चाहिए। हर मुद्दे पर आंदोलन जरूरी नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि संघ फिलहाल इन विषयों पर अलग से कोई आंदोलन शुरू करने की योजना नहीं बना रहा है।

पश्चिम बंगाल में 150 गुना बढ़ीं शाखाएं

संगठन विस्तार की जानकारी देते हुए होसबोले ने कहा कि पश्चिम बंगाल में संघ की शाखाओं की संख्या पहले की तुलना में करीब 150 गुना बढ़ी है। उन्होंने अरुणाचल प्रदेश, मिजोरम और लद्दाख में भी संगठन की गतिविधियों का जिक्र किया। केरल के 444 मंडलों के सभी गांवों तक शाखाएं पहुंचने की जानकारी भी दी।

पर्यावरण संरक्षण के लिए 'हरित घर' की पहल

पर्यावरण के मुद्दे पर उन्होंने पानी-बिजली बचाने, प्लास्टिक का उपयोग कम करने और पौधरोपण के साथ उनकी देखभाल करने पर जोर दिया। 'हरित घर' की अवधारणा के तहत वर्षा जल संरक्षण और ऊर्जा बचत जैसे उपाय अपनाने की बात कही। उन्होंने बताया कि प्रयागराज कुंभ में प्लास्टिक का उपयोग कम करने के लिए 14 लाख थालियां और करीब 15 लाख कपड़े की थैलियां उपलब्ध कराई गई थीं।

No comments