——

Page Nav

HIDE

Grid

GRID_STYLE

Pages

Classic Header

{fbt_classic_header}

Top Ad

ब्रेकिंग :

latest

Breaking News

- Advertisement - Ads " alt="" />" alt="" />

विशेष लेख : शहीद गुंडाधुर की धरती से लिखी जा रही बस्तर में बदलाव की कहानी

सुरक्षा कैंपों को सेवा डेरा में बदलकर दूरदराज के गांवों तक पहुंचाई जा रही हैं शासन की विभिन्न योजनाएं धनंजय राठौर संयुक्त संचालक, जनसंपर्...



सुरक्षा कैंपों को सेवा डेरा में बदलकर दूरदराज के गांवों तक पहुंचाई जा रही हैं शासन की विभिन्न योजनाएं

धनंजय राठौर
संयुक्त संचालक, जनसंपर्क संचालनालय, रायपुर

कभी नक्सल हिंसा और दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के कारण बुनियादी सुविधाओं से दूर रहने वाले बस्तर के गांवों में अब विकास और विश्वास की नई इबारत लिखी जा रही है। जिन क्षेत्रों में कभी खौफ का साया रहता था, वहां अब सुरक्षा कैंप विकास और जनसेवा के केंद्र बन रहे हैं। बस्तर के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में स्थापित लगभग 200 सुरक्षा कैंपों को ‘शहीद वीर गुंडाधुर सेवा डेरा’ के रूप में विकसित करने की महत्वाकांक्षी योजना पर काम चल रहा है। इसके पहले चरण में 70 कैंपों को सेवा डेरों में बदला जा रहा है। यह पहल बस्तर के ग्रामीणों को डिजिटल सेवाओं, बैंकिंग, कौशल प्रशिक्षण और स्वरोजगार के नए अवसर उपलब्ध करा रही है।

विकास की मुख्यधारा से जुड़ता बस्तर

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में बस्तर तेजी से विकास की ओर बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री का कहना है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प से बस्तर नक्सलवाद के प्रभावों से मुक्त हो रहा है। सरकार का लक्ष्य बस्तर को देश के अग्रणी विकसित जनजातीय क्षेत्रों में शामिल करना है।

‘नियद नेल्ला नार’ योजना के माध्यम से सुदूर अंचलों तक सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी सुविधाएं पहुंचाई जा रही हैं। वहीं, कृषि, पशुपालन और सिंचाई से जुड़ी योजनाओं के जरिए ग्रामीणों की आय बढ़ाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

शहीद वीर गुंडाधुर सेवा डेरा सुशासन और जनविश्वास का प्रतीक

केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने 18 मई 2026 को बस्तर जिले के नेतानार स्थित सीआरपीएफ कैंप परिसर में देश के पहले शहीद वीर गुंडाधुर सेवा डेरा जन सुविधा केंद्र का उद्घाटन किया था। अब इस योजना का दायरा तेजी से बढ़ाया जा रहा है।

नेतानार बस्तर के महान जननायक शहीद वीर गुंडाधुर की जन्मस्थली है। वर्ष 1910 के ऐतिहासिक भूमकाल विद्रोह में गुंडाधुर ने आदिवासी अस्मिता, स्वाभिमान और जल-जंगल-जमीन के अधिकारों के लिए शोषणकारी अंग्रेजी सत्ता के खिलाफ संघर्ष का नेतृत्व किया था। आज उसी ऐतिहासिक धरती पर स्थापित सेवा डेरा आदिवासी समाज के स्वावलंबन और आधुनिक विकास का नया केंद्र बन रहा है।

एक ही छत के नीचे मिल रहीं सरकारी सुविधाएं

पहले बस्तर के ग्रामीणों को आधार कार्ड बनवाने, बैंक खाता खोलने या जाति और निवास प्रमाण पत्र प्राप्त करने जैसे छोटे-छोटे कार्यों के लिए कई किलोमीटर दूर जाना पड़ता था। अब सेवा डेरा के माध्यम से ये सुविधाएं गांवों के नजदीक उपलब्ध कराई जा रही हैं।

यहां आधार कार्ड बनवाने और अपडेट कराने, केवाईसी, मोबाइल नंबर लिंक करने तथा जन्म-मृत्यु, आय और जाति प्रमाण पत्र जैसी ऑनलाइन सेवाएं स्थानीय स्तर पर मिल रही हैं। इससे ग्रामीणों का समय और आने-जाने का खर्च बच रहा है।

बैंक सखियों के माध्यम से गांवों तक पहुंच रहीं बैंकिंग सेवाएं

सेवा डेरा के माध्यम से महिलाओं को बैंक सखी के रूप में प्रशिक्षित किया जा रहा है। ये महिलाएं गांवों में ही पैसे निकालने, जमा करने और बैंक खाते खोलने जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने में मदद कर रही हैं। इसके अलावा, इन केंद्रों के माध्यम से स्वास्थ्य परामर्श, आंगनबाड़ी और प्राथमिक शिक्षा से जुड़ी बुनियादी सुविधाओं को भी सुलभ बनाने का प्रयास किया जा रहा है।

महिला स्व-सहायता समूहों से आ रही आर्थिक क्रांति

सेवा डेरा स्थानीय संसाधनों और पारंपरिक कौशल को बाजार से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बन रहा है। नेतानार में गुंडाधुर महिला स्व-सहायता समूह की महिलाएं इमली का प्रसंस्करण कर उच्च गुणवत्ता वाला इमली पल्प तैयार कर रही हैं। समूह की सदस्य लंबी नाग बताती हैं कि इस काम से जुड़कर महिलाएं सालाना एक लाख रुपये तक की आय अर्जित करने की दिशा में आगे बढ़ रही हैं।

इसी तरह सुखदेवी जैसी ग्रामीण महिलाओं के लिए भी सेवा डेरा उपयोगी साबित हो रहा है। अब उन्हें अपनी छोटी बच्ची का आधार कार्ड बनवाने के लिए दूर नहीं जाना पड़ता।

स्थानीय परंपराओं को सहेजते हुए पारंपरिक ढेंकी से चावल तैयार करने और उसकी बिक्री से भी महिलाओं को अतिरिक्त आमदनी हो रही है। धान की भूसी का उपयोग पशु आहार के रूप में किया जा रहा है। इसके अलावा, सिलाई प्रशिक्षण केंद्रों के माध्यम से महिलाओं को हुनरमंद बनाकर आत्मनिर्भरता की राह दिखाई जा रही है।

आधुनिक बाजार और बेहतर पैकेजिंग से जुड़ रहा बस्तर

बस्तर के स्थानीय उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाने के लिए अब पेशेवर संस्थानों की मदद ली जा रही है। हाल ही में अहमदाबाद के नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन की टीम ने नेतानार पहुंचकर सिलाई, इमली प्रसंस्करण और पारंपरिक ढेंकी से चावल तैयार करने के कार्यों का जायजा लिया। टीम ने उत्पादों की आकर्षक पैकेजिंग और ब्रांडिंग को लेकर भी चर्चा की।

इस पहल से बस्तर की ग्रामीण महिलाओं के उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने के नए अवसर मिल सकते हैं। बेहतर पैकेजिंग, पहचान और विपणन के जरिए स्थानीय उत्पादों की मांग बढ़ाने के साथ महिलाओं की आय में वृद्धि की संभावनाएं भी मजबूत होंगी।

विकास और विश्वास की नई राह

शहीद गुंडाधुर की ऐतिहासिक भूमि पर सुरक्षा कैंपों से सेवा डेरा तक का सफर बस्तर में बदलते विकास के प्रयासों को दर्शाता है। यह पहल सुरक्षा व्यवस्था को जनसेवा, सरकारी योजनाओं की पहुंच, कौशल विकास और स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

बस्तर के दूरस्थ गांवों में सुविधाएं पहुंचाने और स्थानीय लोगों को आत्मनिर्भर बनाने के इन प्रयासों से क्षेत्र के विकास को नई गति मिलने की उम्मीद है। यह बदलाव केवल बुनियादी सुविधाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि ग्रामीणों के जीवन को आसान बनाने, महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त करने और शासन के प्रति विश्वास मजबूत करने की दिशा में भी अहम भूमिका निभा सकता है।

No comments