रायपुर:October 8, 2026, शहर के तेलीबांधा चौक के नाम को लेकर उस वक्त विवाद खड़ा हो गया, जब प्रदेश के 38 स्थानों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ व...
रायपुर:October 8, 2026, शहर के तेलीबांधा चौक के नाम को लेकर उस वक्त विवाद खड़ा हो गया, जब प्रदेश के 38 स्थानों पर ‘सेवा ज्योति संकल्प चौक’ विकसित किए जाने की घोषणा में तेलीबांधा चौक का भी नाम सामने आया. चौक के नाम में बदलाव की आशंका को लेकर साहू समाज ने आपत्ति जताई और रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे से मुलाकात कर अपनी बात रखी.
इस मामले में महापौर के हस्तक्षेप के बाद स्थिति स्पष्ट हुई. वहीं मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी साफ कर दिया कि तेलीबांधा चौक का नाम नहीं बदला जा रहा है और इसके मूल स्वरूप से कोई छेड़छाड़ नहीं होगी. मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि ‘किसी तरह का भ्रम न रखें.
सेवा ज्योति संकल्प चौक की घोषणा के बाद बढ़ा विवाद
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर, प्रदेश के 38 स्थानों पर सेवा ज्योति संकल्प चौक विकसित किए जाने की घोषणा की है. इसी कड़ी में राजधानी रायपुर में भी एक सेवा ज्योति संकल्प चौक बनाया जाना है. इसके लिए तेलीबांधा चौक का नाम सामने आने के बाद साहू समाज में नाराजगी देखने को मिली. समाज की चिंता थी कि कहीं तेलीबांधा चौक के मौजूदा नाम और ऐतिहासिक पहचान में बदलाव न कर दिया जाए.
साहू समाज ने जताई आपत्ति, महापौर से की मुलाकात
अपनी नाराजगी को लेकर छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के पदाधिकारियों ने रायपुर नगर निगम की महापौर मीनल चौबे से मुलाकात की. साहू समाज के प्रदेश संयुक्त सचिव प्रदीप साहू ने बताया कि मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद स्थिति स्पष्ट नहीं थी कि रायपुर में सेवा ज्योति संकल्प चौक आखिर किस स्थान पर बनाया जाएगा. जब तेलीबांधा चौक का नाम सामने आया तो समाज में इसे लेकर आक्रोश पैदा हुआ. इसके बाद समाज के प्रतिनिधियों ने महापौर के सामने अपनी आपत्ति और मांगें रखी.
महापौर बोलीं तेलीबांधा चौक में नहीं होगा बदलाव
रायपुर नगर निगम महापौर मीनल चौबे ने साहू समाज को स्पष्ट किया, कि तेलीबांधा चौक के नाम और उसके मूल स्वरूप के साथ किसी भी तरह की छेड़छाड़ नहीं की जाएगी. महापौर के मुताबिक जिस स्थान पर मेक इन इंडिया चौक बना हुआ है और जहां शेर की प्रतिमा है, जो तेलीबांधा थाना के सामने स्थित है, उसी स्थान पर सेवा ज्योति संकल्प चौक विकसित किया जाएगा. महापौर की इस स्पष्टता के बाद साहू समाज ने भी अपनी आपत्ति वापस लेने पर सहमति जताई.
प्रदीप साहू बोले, भ्रम की वजह से समाज में था आक्रोश
छत्तीसगढ़ प्रदेश साहू संघ के प्रदेश संयुक्त सचिव प्रदीप साहू ने कहा कि मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद समाज के सामने स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं थी. उन्होंने कहा कि तेलीबांधा चौक का नाम सेवा ज्योति संकल्प चौक किए जाने की बात सामने आने से समाज में नाराजगी थी. लेकिन महापौर और निगम आयुक्त से मुलाकात के बाद स्थिति स्पष्ट हुई है. प्रदीप साहू के मुताबिक मेक इन इंडिया चौक वाले स्थान पर सेवा ज्योति संकल्प चौक विकसित किए जाने पर समाज को कोई आपत्ति नहीं है.
साहू समाज ने रखी 2 प्रमुख मांगें
महापौर से मुलाकात के दौरान साहू समाज ने अपनी ओर से कुछ मांगें भी रखी. तेलीबांधा चौक और तालाब के नाम में बदलाव न हो. समाज ने आग्रह किया कि तेलीबांधा तालाब और तेलीबांधा चौक की पहचान के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ नहीं की जाए. साथ ही समाज ने मांग की कि तेलीबांधा चौक को नगर निगम के रिकॉर्ड में भी स्पष्ट रूप से अंकित किया जाए.
तेलीबांधा तालाब के पास माता कर्मा की प्रतिमा लगाने की मांग
साहू समाज ने तेलीबांधा तालाब के पास माता कर्मा की बड़ी प्रतिमा स्थापित किए जाने की मांग भी महापौर के सामने रखी.
महापौर बोलीं, नाम बदले जाने की आशंका को लेकर था भ्रम
साहू समाज से मुलाकात के बाद महापौर मीनल चौबे ने कहा, समाज के प्रतिनिधियों की बात सुनी गई और उन्हें स्पष्ट तौर पर बताया गया कि तेलीबांधा चौक में किसी भी तरह का बदलाव नहीं किया जाएगा. महापौर ने कहा कि समाज को इस बात का भ्रम था कि तेलीबांधा चौक का नाम बदल दिया जाएगा. बातचीत के बाद यह स्थिति स्पष्ट हो गई कि चौक का नाम और स्वरूप यथावत रहेगा. इसके बाद साहू समाज ने भी अपनी सहमति जताई और आपत्ति नहीं करने की बात कही.
तेलीबांधा चौक का नाम रहेगा यथावत: सीएम साय
विवाद के बीच मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भी पूरे मामले पर स्थिति स्पष्ट कर दी. मुख्यमंत्री ने कहा कि तेलीबांधा चौक का नाम नहीं बदला जा रहा है. न तो चौक के नाम में कोई परिवर्तन किया जाएगा और न ही उसके मूल स्वरूप के साथ किसी तरह की छेड़छाड़ होगी. उन्होंने कहा कि प्रदेश के 38 स्थानों पर सेवा ज्योति संकल्प चौक विकसित किए जाने की घोषणा की गई है. रायपुर का तेलीबांधा चौक भी इस पहल में शामिल है, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि तेलीबांधा चौक का मौजूदा नाम बदल दिया जाएगा.
सेवा ज्योति संकल्प की भावना के अनुरूप होगा विकास
मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि तेलीबांधा चौक का नाम यथावत रहेगा, लेकिन इसे सेवा ज्योति संकल्प की भावना के अनुरूप विकसित किया जाएगा. उन्होंने लोगों से किसी तरह का भ्रम नहीं रखने की अपील की. मुख्यमंत्री ने इस पहल को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में जनसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने से जोड़ते हुए कहा कि इस अवसर पर पूरे देश में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं. छत्तीसगढ़ में भी इसे सेवा संकल्प अभियान के रूप में मनाया जा रहा है. इसी अभियान के तहत प्रदेश के विभिन्न स्थानों पर सेवा ज्योति संकल्प चौक विकसित किए जाने की योजना है.
अब विवाद पर लगा विराम
तेलीबांधा चौक के नाम को लेकर शुरू हुआ विवाद फिलहाल मुख्यमंत्री और महापौर के स्पष्टीकरण के बाद शांत होता नजर आ रहा है. साहू समाज की आपत्ति के बाद महापौर ने स्थिति स्पष्ट की और मुख्यमंत्री ने भी साफ कर दिया कि तेलीबांधा चौक का नाम नहीं बदलेगा. ऐसे में अब सेवा ज्योति संकल्प चौक का विकास तेलीबांधा क्षेत्र में प्रस्तावित स्थान पर किया जाएगा, जबकि तेलीबांधा चौक की मौजूदा पहचान और नाम बरकरार रहेगा.

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments