रायपुर, 28 अक्टूबर। कभी नक्सल हिंसा से प्रभावित रहे बस्तर में अब युवाओं को हुनरमंद बनाकर रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा...
रायपुर, 28 अक्टूबर। कभी नक्सल हिंसा से प्रभावित रहे बस्तर में अब युवाओं को हुनरमंद बनाकर रोजगार और आत्मनिर्भरता से जोड़ने पर जोर दिया जा रहा है। आत्मसमर्पित माओवादियों और नक्सल प्रभावित परिवारों के युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर उनके लिए आजीविका के नए रास्ते खोले जा रहे हैं। अब तक 2,323 पुनर्वासितों को विभिन्न व्यवसायों का प्रशिक्षण दिया जा चुका है, जबकि नियद नेल्ला नार योजना 2.0 के तहत 50,053 युवाओं को नियोजित किया गया है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार पुनर्वासितों को समाज की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए कौशल विकास और रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण पर जोर दे रही है। इसका उद्देश्य युवाओं को सम्मानजनक आजीविका उपलब्ध कराने के साथ बस्तर में शांति, विकास और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा देना है।
इलेक्ट्रिशियन से लेकर वाहन मरम्मत तक का प्रशिक्षण
बस्तर संभाग में अब तक कुल 7,567 आत्मसमर्पित माओवादियों में से 2,323 को अलग-अलग व्यवसायों में प्रशिक्षण दिया गया है। बीजापुर, दंतेवाड़ा, सुकमा, बस्तर, नारायणपुर, कांकेर, कोंडागांव और गरियाबंद सहित विभिन्न जिलों में प्रशिक्षण के जरिए युवाओं को रोजगार के योग्य बनाया जा रहा है।
प्रशिक्षण में असिस्टेंट इलेक्ट्रिशियन, राजमिस्त्री, सोलर पीवी इंस्टॉलर यानी सूर्यमित्र, दोपहिया और चारपहिया वाहन मरम्मत तकनीशियन तथा सिलाई मशीन ऑपरेटर जैसे पाठ्यक्रम शामिल हैं। प्रशिक्षण के बाद युवाओं को उनकी योग्यता और रुचि के अनुसार रोजगार एवं स्वरोजगार से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
नियद नेल्ला नार योजना से 50 हजार से अधिक युवा नियोजित
दूरस्थ और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में संचालित नियद नेल्ला नार योजना 2.0 के तहत 10 जिलों में अब तक 1,11,165 युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया है। इनमें से 50,053 युवाओं को नियोजित किया गया है।
योजना के तहत 1,267 आत्मसमर्पित माओवादियों को प्रशिक्षण दिया गया है, जबकि 461 युवा अभी प्रशिक्षण ले रहे हैं। इसी तरह नक्सल हिंसा से प्रभावित 779 हितग्राहियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है और 191 हितग्राही प्रशिक्षणरत हैं।
कहीं गारमेंट फैक्ट्री तो कहीं सुरक्षा और निर्माण कार्यों में रोजगार
प्रशिक्षण के बाद युवाओं को आजीविका से जोड़ने के प्रयास भी किए जा रहे हैं। बीजापुर जिले में प्रशिक्षित युवाओं को गारमेंट फैक्ट्री, राजमिस्त्री के काम और सिलाई के स्वरोजगार से जोड़ा गया है। बस्तर जिले में कुछ प्रशिक्षित युवाओं को पुलिस बल, सुरक्षा गार्ड, कृषि और श्रम कार्यों में अवसर मिले हैं।
इन पहलों के जरिए पुनर्वासित युवाओं को आर्थिक रूप से सक्षम बनाने और सम्मानजनक जीवन जीने के अवसर उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है।
छह पुनर्वास केंद्र बने व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदाता
बस्तर संभाग के आठ पुनर्वास केंद्रों में से छह को व्यावसायिक प्रशिक्षण प्रदाता (वीटीपी) के रूप में पंजीकृत किया गया है। इनमें बीजापुर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर, सुकमा, बस्तर और कांकेर के केंद्र शामिल हैं। इससे पुनर्वास केंद्रों में रहने वाले युवाओं को व्यवस्थित और रोजगारपरक प्रशिक्षण देने में मदद मिलेगी।
प्रशिक्षण से पहले पंजीयन में आधार कार्ड की अनिवार्यता में भी शिथिलता दी गई है। अब मूल्यांकन से पहले आधार अनिवार्य होगा, ताकि दस्तावेजों के अभाव में पात्र युवा प्रशिक्षण से वंचित न रहें।
हर विकासखंड में स्किल डेवलपमेंट सेंटर बनाने की तैयारी
दुर्गम और ग्रामीण क्षेत्रों के युवाओं को अपने इलाके में ही प्रशिक्षण उपलब्ध कराने के लिए प्रत्येक विकासखंड में स्किल डेवलपमेंट सेंटर स्थापित करने की दिशा में काम किया जा रहा है। बीजापुर जिले में असिस्टेंट मेसन पाठ्यक्रम के तहत 30 युवाओं का प्रशिक्षण शुरू हो चुका है।
वहीं, वामपंथी उग्रवाद प्रभावित क्षेत्रों में आवासीय प्रशिक्षण सुविधाओं के विस्तार के लिए नवीन मद में 780 लाख रुपए यानी 7.80 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। इससे दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं तक कौशल विकास की सुविधाएं पहुंचाने में मदद मिलेगी।
कौशल प्रशिक्षण, पुनर्वास और रोजगार से जुड़े इन प्रयासों का लक्ष्य बस्तर के युवाओं को हिंसा से दूर बेहतर आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना और उन्हें विकास की मुख्यधारा से जोड़ना है।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments