मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल को नागरिक उड्डयन विभाग का अतिरिक्त प्रभार, अनुराग श्रीवास्तव बने कृषि उत्पादन आयुक्त; कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई ...
मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल को नागरिक उड्डयन विभाग का अतिरिक्त प्रभार, अनुराग श्रीवास्तव बने कृषि उत्पादन आयुक्त; कई वरिष्ठ अधिकारियों को नई जिम्मेदारी
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर बड़ा फेरबदल किया गया है। राज्य सरकार ने 15 आईएएस अधिकारियों के तबादले, नई तैनाती और अतिरिक्त प्रभार से संबंधित आदेश जारी किए हैं। इस बदलाव में मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल से लेकर कई वरिष्ठ अधिकारियों की जिम्मेदारियों में फेरबदल किया गया है। किसी अधिकारी को महत्वपूर्ण विभागों का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है, तो किसी को नई तैनाती देकर प्रशासनिक जिम्मेदारी बदली गई है।
जारी आदेश के अनुसार, मुख्य सचिव शशि प्रकाश गोयल को नागरिक उड्डयन विभाग के अपर मुख्य सचिव का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वहीं, अनुराग श्रीवास्तव को कृषि उत्पादन आयुक्त नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उनके पास पहले से मौजूद नमामि गंगे एवं ग्रामीण जलापूर्ति, लघु सिंचाई और भूगर्भ जल विभागों की जिम्मेदारी भी बनी रहेगी। उन्हें ग्रामीण पेयजल मिशन के मिशन निदेशक और राज्य स्वच्छ गंगा मिशन के परियोजना निदेशक का दायित्व भी सौंपा गया है।
आलोक कुमार को भी अहम जिम्मेदारी
आलोक कुमार-2 को अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त बनाया गया है। इसके साथ ही उन्हें अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग के अपर मुख्य सचिव, अनिवासी भारतीय विभाग के अपर मुख्य सचिव और पिकप के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
एम. देवराज को राज्य सतर्कता आयोग एवं प्रशासनाधिकरण-1 के अध्यक्ष का अतिरिक्त दायित्व सौंपा गया है। वह फिलहाल नियुक्ति एवं कार्मिक विभाग के प्रमुख सचिव और डॉ. राम मनोहर लोहिया उत्तर प्रदेश प्रशासन एवं प्रबंधन अकादमी के महानिदेशक की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं।
डॉ. एम.के.एस. सुंदरम को प्रमुख सचिव, समन्वय और परियोजना निदेशक, यूपीडास्प का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। उनके पास कृषि, कृषि शिक्षा एवं अनुसंधान तथा कृषि विपणन, कृषि व्यापार एवं निर्यात प्रोत्साहन विभागों की जिम्मेदारी पहले से है।
वित्त विभाग में भी बदलाव
आलोक कुमार-3 को प्रमुख सचिव, वित्त के साथ संस्थागत वित्त और बाह्य सहायतित परियोजना विभागों का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इससे पहले वह नियोजन, कार्यक्रम कार्यान्वयन तथा सूचना प्रौद्योगिकी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभागों के प्रमुख सचिव थे। इसके अलावा वन ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी और जीरो पावर्टी उत्तर प्रदेश अभियान के नोडल अधिकारी की जिम्मेदारी भी उनके पास थी।
अजय चौहान को उत्तर प्रदेश एक्सप्रेसवे औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीडा) के मुख्य कार्यपालक अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वह वर्तमान में लोक निर्माण विभाग के प्रमुख सचिव और उपशा के मुख्य कार्यपालक अधिकारी हैं।
वहीं, पंधारी यादव को बाह्य सहायतित परियोजना विभाग के प्रमुख सचिव के प्रभार से मुक्त कर दिया गया है। वह विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग के प्रमुख सचिव बने रहेंगे।
जल निगम और पीसीडीएफ में अदला-बदली
सरकार ने उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) और पीसीडीएफ में भी अधिकारियों की जिम्मेदारी बदली है। योगेश कुमार को जल निगम (ग्रामीण) के प्रबंध निदेशक पद से हटाकर पीसीडीएफ का प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया है। वहीं, अमित कुमार सिंह को पीसीडीएफ से स्थानांतरित कर उत्तर प्रदेश जल निगम (ग्रामीण) का प्रबंध निदेशक बनाया गया है।
कृष्ण कुमार को झांसी मंडल का मंडलायुक्त नियुक्त किया गया है। इससे पहले वह सिंचाई एवं जल संसाधन विभाग के सचिव, प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के मुख्य कार्यपालक अधिकारी और ग्रेटर शारदा सहायक समादेश क्षेत्र विकास प्राधिकरण के प्रशासक की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
चन्द्र शेखर को प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के मुख्य कार्यपालक अधिकारी और ग्रेटर शारदा सहायक समादेश क्षेत्र विकास प्राधिकरण के प्रशासक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वह वर्तमान में सिंचाई एवं जल संसाधन तथा परती भूमि विकास विभाग में विशेष सचिव हैं।
मानवाधिकार आयोग और निगम में नई नियुक्तियां
भूपेंद्र एस. चौधरी को सचिव, प्रशासनिक सुधार के पद से स्थानांतरित कर उत्तर प्रदेश मानवाधिकार आयोग का सचिव बनाया गया है। वहीं, प्रतीक्षारत चल रहे देवेंद्र सिंह कुशवाहा को विशेष सचिव, प्रशासनिक सुधार की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
प्रवीन मिश्रा को उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम के प्रबंध निदेशक और निदेशक, जनजाति विकास का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। वह फिलहाल समाज कल्याण विभाग के विशेष सचिव और उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के सचिव हैं।
सरकार के इस प्रशासनिक फेरबदल में शासन के प्रमुख विभागों, विकास योजनाओं, वित्तीय प्रबंधन, सिंचाई, औद्योगिक विकास और विभिन्न आयोगों से जुड़े पदों पर जिम्मेदारियां बदली गई हैं। नई तैनातियों के बाद संबंधित विभागों में प्रशासनिक कामकाज और योजनाओं के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी इन अधिकारियों के पास रहेगी।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments