छत्तीसगढ़ की शक्तिपीठ परियोजना से धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा, श्रद्धालुओं के लिए बढ़ेंगी सुविधाएं विशेष लेख धनंजय राठौर संयुक्त संच...
छत्तीसगढ़ की शक्तिपीठ परियोजना से धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा, श्रद्धालुओं के लिए बढ़ेंगी सुविधाएं
विशेष लेख
धनंजय राठौर
संयुक्त संचालक, जनसंपर्क रायपुर
पर्यटन मनोरंजन, ज्ञानवर्धन और नई जगहों को जानने का माध्यम है। भारतीय संस्कृति में अतिथि देवो भवः की परंपरा प्राचीन काल से चली आ रही है। छत्तीसगढ़ प्राकृतिक सौंदर्य, ऐतिहासिक धरोहरों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के कारण पर्यटन की दृष्टि से विशेष महत्व रखता है। राज्य में लगभग 138 स्थलों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय महत्व के आधार पर पर्यटन स्थल के रूप में प्राथमिकता दी गई है। इनमें 58 स्मारकों, 11 अभयारण्यों और तीन राष्ट्रीय उद्यानों को संरक्षित घोषित किया गया है।
छत्तीसगढ़ में धार्मिक पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं। इन्हीं संभावनाओं को विस्तार देने के लिए राज्य सरकार ने उत्तराखंड के चारधाम की तर्ज पर प्रमुख धार्मिक स्थलों को जोड़ने की दिशा में शक्तिपीठ परियोजना शुरू की है। इसके तहत करीब 1000 किलोमीटर लंबे आध्यात्मिक एवं धार्मिक पर्यटन कॉरिडोर का विकास किया जाना है। इस परियोजना का उद्देश्य प्रमुख शक्तिपीठों का विकास, मंदिर परिसरों का सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं के लिए जरूरी सुविधाओं का विस्तार करना है।
पांच प्रमुख शक्तिपीठों का होगा विकास
छत्तीसगढ़ सरकार प्रदेश के पांच प्रमुख शक्तिपीठों—डोंगरगढ़ की मां बम्लेश्वरी, रतनपुर की मां महामाया, दंतेवाड़ा की मां दंतेश्वरी, सूरजपुर के कुदरगढ़ धाम की मां बागेश्वरी और चंद्रपुर की मां चंद्रहासिनी—को धार्मिक पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित करने की दिशा में काम कर रही है। इन मंदिरों को बेहतर सड़क संपर्क, यात्री सुविधाओं, विश्राम स्थलों और सुरक्षा व्यवस्था से जोड़ने की योजना है।
मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय के नेतृत्व वाली राज्य सरकार ने धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए वर्ष 2026-27 के बजट में छत्तीसगढ़ आस्था पथ (शक्तिपीठ भ्रमण) योजना के लिए पांच करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। इस योजना के तहत श्रद्धालुओं को पांचों शक्तिपीठों के भ्रमण और दर्शन की सुविधा उपलब्ध कराने की पहल की जा रही है। इससे प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को नई दिशा मिलने के साथ ही स्थानीय स्तर पर रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल और जिला प्रशासन के माध्यम से इन मंदिरों में सौंदर्यीकरण और श्रद्धालुओं की सुविधाओं से जुड़े कार्यों को आगे बढ़ाया जा रहा है।
रतनपुर महामाया मंदिर के विकास की 200 करोड़ की योजना
केंद्र सरकार की तीर्थस्थल कायाकल्प एवं आध्यात्मिक विरासत संवर्धन अभियान (प्रसाद) योजना के तहत बिलासपुर जिले के रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर के समग्र विकास के लिए 200 करोड़ रुपये की कार्ययोजना तैयार कर केंद्रीय पर्यटन मंत्रालय को भेजी गई है। योजना को मंजूरी मिलने के बाद एजेंसी तय कर विकास कार्य शुरू किए जाएंगे।
मां महामाया मंदिर ऐतिहासिक और धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण है। इसका निर्माण 11वीं-12वीं शताब्दी के दौरान कलचुरी राजा रत्नदेव प्रथम के समय हुआ माना जाता है। मंदिर में मां महामाया की पूजा होती है। यह दक्षिण कोशल क्षेत्र की आराध्य देवी और रतनपुर राज्य की कुलदेवी के रूप में प्रतिष्ठित हैं।
इसके अलावा डोंगरगढ़, कुदरगढ़, चंद्रपुर और दंतेवाड़ा स्थित शक्तिपीठों के विकास के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार करने की प्रक्रिया चल रही है।
प्रसाद योजना के तहत केंद्र सरकार देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों को पर्यटन की दृष्टि से विकसित कर रही है। इसका उद्देश्य इन स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करना, देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों की संख्या बढ़ाना और धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहित करना है। छत्तीसगढ़ के प्रमुख देवी तीर्थों को भी इस योजना से जोड़ने के लिए प्रस्ताव तैयार कर केंद्र सरकार को भेजे गए हैं।
शक्तिपीठों में विकसित होंगी आधुनिक सुविधाएं
पांचों शक्तिपीठों में श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विकास कार्य प्रस्तावित हैं। इनमें उद्यान, ठहरने की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, हवन-पूजन स्थल, रेलिंग, पेयजल, सामुदायिक शौचालय, बैठने की व्यवस्था, रोप-वे, पर्यटन मंडल के सहायता केंद्र, सीसीटीवी कैमरे और सुरक्षा इंतजाम शामिल हैं। होम स्टे जैसी सुविधाओं के विकास पर भी जोर दिया जाएगा।
इसके साथ ही बेहतर सड़क संपर्क, स्वच्छ पेयजल, आधुनिक शौचालय, व्यवस्थित पार्किंग, पर्यटक सहायता केंद्र, डिजिटल सूचना प्रणाली और प्राथमिक चिकित्सा की सुविधाएं विकसित करने को प्राथमिकता दी जाएगी।
विकास कार्यों के दौरान प्रत्येक धार्मिक स्थल की विशिष्टता, स्थानीय वास्तुकला, संस्कृति और प्राकृतिक परिवेश के संरक्षण का ध्यान रखा जाएगा। इससे धार्मिक आस्था के साथ-साथ प्रदेश की सांस्कृतिक विरासत को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
1. मां बम्लेश्वरी मंदिर, डोंगरगढ़
राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में सुरम्य पहाड़ियों पर स्थित मां बम्लेश्वरी मंदिर छत्तीसगढ़ के प्रमुख धार्मिक स्थलों में से एक है। समुद्र तल से करीब 1600 फीट की ऊंचाई पर स्थित यह मंदिर लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है। नवरात्रि के दौरान यहां बड़ी संख्या में भक्त दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
मंदिर का इतिहास लगभग 2200 वर्ष पुराना बताया जाता है। मान्यता के अनुसार, प्राचीन काल में यहां कामाख्या नगरी थी, जहां राजा वीरसेन का शासन था। संतान प्राप्ति की कामना से राजा ने भगवान शिव और मां दुर्गा की आराधना की। देवी की कृपा से पुत्र रत्न की प्राप्ति होने के बाद उन्होंने मंदिर की स्थापना कराई।
ऐतिहासिक मान्यताओं के अनुसार, 11वीं शताब्दी में कलचुरी राजा कर्णदेव ने मंदिर का पुनर्विकास कराया। बाद में 15वीं-16वीं शताब्दी में गोंड शासकों के समय भी इस क्षेत्र और मंदिर का विस्तार हुआ। मां बम्लेश्वरी मंदिर आज छत्तीसगढ़ के साथ-साथ देश के अन्य हिस्सों और विदेशों में रहने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी आस्था का प्रमुख केंद्र है। मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में पर्यटन सुविधाओं के विस्तार से श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिलने की उम्मीद है।
2. मां महामाया मंदिर, रतनपुर
बिलासपुर जिले के रतनपुर में स्थित मां महामाया मंदिर छत्तीसगढ़ के प्रमुख ऐतिहासिक शक्तिपीठों में शामिल है। बिलासपुर-कोरबा मार्ग पर स्थित इस मंदिर का निर्माण लगभग 1050 ईस्वी में हुआ माना जाता है। इसका संबंध कलचुरी वंश के राजा रत्नदेव प्रथम से जोड़ा जाता है। रतनपुर कलचुरी शासकों की राजधानी रहा है और मां महामाया को उनकी कुलदेवी के रूप में पूजा जाता था।
मंदिर का बाद के समय में भी जीर्णोद्धार और विस्तार हुआ। मान्यता है कि यहां माता सती का दाहिना हाथ गिरा था। मंदिर के गर्भगृह में मां महामाया की विशिष्ट प्रतिमा स्थापित है, जिसके आगे महिषासुरमर्दिनी और पीछे देवी सरस्वती का स्वरूप होने की मान्यता है।
यह मंदिर धार्मिक आस्था के साथ-साथ ऐतिहासिक और स्थापत्य महत्व भी रखता है। प्रस्तावित विकास योजना के माध्यम से यहां श्रद्धालुओं के लिए सुविधाओं का विस्तार, मंदिर परिसर का व्यवस्थित विकास और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में काम किया जाएगा।
3. मां दंतेश्वरी मंदिर, दंतेवाड़ा
बस्तर अंचल के दंतेवाड़ा में स्थित मां दंतेश्वरी मंदिर स्थानीय जनजातीय परंपराओं और सनातन आस्था के अद्भुत संगम का प्रतीक है। शंखिनी और डंकिनी नदियों के संगम के निकट स्थित यह मंदिर सदियों से आदिवासी समाज सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र रहा है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, यहां माता सती के दांत गिरे थे। इसी कारण इस क्षेत्र का नाम दंतेवाड़ा और देवी का नाम दंतेश्वरी पड़ा। मंदिर का संबंध 14वीं शताब्दी से माना जाता है। बस्तर के काकतीय शासक मां दंतेश्वरी को अपनी कुलदेवी मानते थे। मंदिर के गर्भगृह में काले पत्थर से निर्मित छह भुजाओं वाली महिषासुरमर्दिनी की प्रतिमा स्थापित है।
विश्वप्रसिद्ध बस्तर दशहरा के दौरान मां दंतेश्वरी मंदिर का विशेष महत्व होता है। इस अवसर पर माता के छत्र और डोली को दंतेवाड़ा से जगदलपुर ले जाया जाता है। इस परंपरा में शामिल होने के लिए दूर-दूर से आदिवासी समुदाय के लोग और अन्य श्रद्धालु पहुंचते हैं। यह आयोजन बस्तर की सांस्कृतिक एकता, परंपराओं और सामाजिक समरसता का प्रतीक है।
मंदिर और आसपास के क्षेत्र में सुविधाओं का विकास होने से श्रद्धालुओं को बेहतर व्यवस्था मिलेगी और बस्तर के धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
4. मां बागेश्वरी मंदिर, कुदरगढ़ धाम
सूरजपुर जिले के ओड़गी विकासखंड में स्थित कुदरगढ़ धाम मां बागेश्वरी की आराधना का प्रमुख केंद्र है। करीब 1500 फीट ऊंचे पहाड़ पर घने जंगलों के बीच स्थित यह मंदिर प्राकृतिक सौंदर्य और धार्मिक आस्था के लिए प्रसिद्ध है। मां बागेश्वरी को शक्ति और साहस का प्रतीक माना जाता है।
स्थानीय मान्यताओं के अनुसार, कुदरगढ़ क्षेत्र मां भगवती पार्वती की तपोस्थली रहा है। कहा जाता है कि माता ने यहां शक्ति स्वरूप धारण कर राक्षसों का संहार किया था। मान्यता है कि लगभग चार सौ वर्ष पहले राजा बालंद ने यहां मां बागेश्वरी की स्थापना की थी। बाद में युद्ध में बालंद की पराजय के बाद चौहान वंश के शासकों ने मंदिर की देखरेख की जिम्मेदारी संभाली।
स्थानीय परंपरा के अनुसार, नवरात्रि में सुबह की पहली आरती चौहान वंश के वंशजों द्वारा की जाती है। यह भी मान्यता है कि 18वीं शताब्दी में चौहान शासकों ने मंदिर में पूजा-अर्चना और देखरेख की जिम्मेदारी स्थानीय बैगा जनजाति को सौंपी थी। तब से बैगा समुदाय के लोग यहां पूजा की परंपरा निभाते आ रहे हैं।
कुदरगढ़ धाम में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होने से श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम होगी। साथ ही, आसपास के प्राकृतिक क्षेत्र और स्थानीय सांस्कृतिक परंपराओं को पर्यटन से जोड़ने के अवसर भी बढ़ेंगे।
5. मां चंद्रहासिनी मंदिर, चंद्रपुर
सक्ती जिले के चंद्रपुर में महानदी के तट पर स्थित मां चंद्रहासिनी मंदिर छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध धार्मिक स्थलों में शामिल है। यह मंदिर महानदी और मांड नदी के संगम के निकट स्थित है। यहां दूर-दूर से श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचते हैं।
प्रचलित मान्यताओं के अनुसार, संबलपुर के राजा चंद्रहास ने इस मंदिर का निर्माण कराया था। इसी आधार पर स्थान का नाम चंद्रपुर और देवी का नाम चंद्रहासिनी पड़ा। वर्ष 1522 में चंद्रपुर के गोंड राजा धुंध्या राम साह अत्राम द्वारा मंदिर का जीर्णोद्धार कराए जाने का उल्लेख मिलता है। गोंड शासकों ने मां चंद्रहासिनी को अपनी कुलदेवी मानकर शक्ति पूजा की परंपरा को आगे बढ़ाया।
मंदिर की प्राचीनता और स्थापत्य कला इसकी विशिष्ट पहचान है। धार्मिक मान्यता है कि यहां माता सती का बायां कान गिरा था। वर्ष 1935 में महानदी में आई भीषण बाढ़ से जुड़ी एक स्थानीय मान्यता भी प्रचलित है। कहा जाता है कि उस समय राजा चंद्रहास के वंशज ठाकुर शशिभूषण ने माता से प्रार्थना की थी, जिसके बाद नदी का जलस्तर कम हुआ और लोगों की जान बची। नदी के निकट पत्थर पर माता के पदचिह्न होने की मान्यता है, जहां श्रद्धालु पूजा करते हैं।
मां चंद्रहासिनी मंदिर में पर्यटन सुविधाओं के विकास से श्रद्धालुओं की आवाजाही सुगम होगी और क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन के साथ स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को भी प्रोत्साहन मिलेगा।
पर्यटन से रोजगार और आर्थिक विकास को मिलेगा बढ़ावा
छत्तीसगढ़ की शक्तिपीठ परियोजना का उद्देश्य केवल मंदिरों का सौंदर्यीकरण करना नहीं, बल्कि धार्मिक पर्यटन को राज्य की आर्थिक और सांस्कृतिक प्रगति से जोड़ना भी है। बेहतर सड़क संपर्क, ठहरने की सुविधा, स्वच्छता, सुरक्षा और पर्यटक सहायता केंद्र विकसित होने से श्रद्धालुओं की यात्रा अधिक सुविधाजनक होगी।
धार्मिक पर्यटन बढ़ने से स्थानीय स्तर पर होटल, परिवहन, खानपान, हस्तशिल्प और अन्य सेवाओं से जुड़े व्यवसायों को प्रोत्साहन मिल सकता है। होम स्टे जैसी सुविधाओं के माध्यम से स्थानीय लोगों की भागीदारी भी बढ़ाई जा सकती है। इससे रोजगार के नए अवसर पैदा होने और स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलने की संभावना है।
राज्य में पर्यटन विकास के साथ प्राकृतिक संसाधनों और सांस्कृतिक विरासत का संरक्षण भी महत्वपूर्ण है। विकास योजनाओं में स्थानीय समुदायों की परंपराओं, बौद्धिक संपदा और अधिकारों का सम्मान सुनिश्चित किया जाना चाहिए। पर्यटन स्थलों की पहचान और विशिष्टता बनाए रखते हुए सुविधाओं का विस्तार करना दीर्घकालीन विकास के लिए आवश्यक है।
छत्तीसगढ़ में पर्यटन को उद्योग के रूप में प्रोत्साहित करने, निजी निवेश को आकर्षित करने और पर्यटन से जुड़ी नई अवधारणाओं को बढ़ावा देने की दिशा में भी प्रयास किए जा सकते हैं। पारिस्थितिकी पर्यटन, साहसिक पर्यटन और अन्य अनुभव आधारित पर्यटन गतिविधियां राज्य के लिए नए अवसर खोल सकती हैं।
पांच प्रमुख शक्तिपीठों को एक धार्मिक पर्यटन सर्किट के रूप में विकसित करने की पहल छत्तीसगढ़ की आस्था, संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत को व्यापक पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। बेहतर बुनियादी सुविधाओं, सुनियोजित विकास और स्थानीय समुदायों की भागीदारी से यह परियोजना प्रदेश में धार्मिक पर्यटन को नई ऊंचाई देने के साथ आर्थिक गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा दे सकती है।










" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments