छत्तीसगढ़ के 1000 से अधिक युवा होंगे शामिल, राज्यपाल रामेन डेका करेंगे शुभारंभ; बायोटेक्नोलॉजी इन्क्यूबेशन सेंटर का भी लोकार्पण रायपुर, 22...
छत्तीसगढ़ के 1000 से अधिक युवा होंगे शामिल, राज्यपाल रामेन डेका करेंगे शुभारंभ; बायोटेक्नोलॉजी इन्क्यूबेशन सेंटर का भी लोकार्पण
रायपुर, 22 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ के युवाओं में नवाचार, उद्यमिता और प्रौद्योगिकी के व्यावसायीकरण को बढ़ावा देने के लिए इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय, रायपुर में 28 से 30 सितंबर तक “छत्तीसगढ़ यूथ इनोवेशन एवं एंटरप्रेन्योरशिप कॉन्क्लेव-2026” आयोजित किया जाएगा। कृषि मंडपम में होने वाले तीन दिवसीय आयोजन में प्रदेशभर से 1000 से अधिक युवा, विद्यार्थी, शोधार्थी, स्टार्टअप संस्थापक और उद्यमी शामिल होंगे।
कॉन्क्लेव का शुभारंभ 28 सितंबर को राज्यपाल रामेन डेका करेंगे। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, कृषि मंत्री रामविचार नेताम और वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहेंगे। इसी अवसर पर प्रदेश के प्रथम और एकमात्र बायोटेक्नोलॉजी सेक्टर-केंद्रित सुभाष चंद्र बोस बायोटेक्नोलॉजी इन्क्यूबेशन सेंटर के नवनिर्मित भवन का लोकार्पण भी होगा।
आईआईटी, एनआईटी और नाबार्ड भी होंगे सहयोगी
कॉन्क्लेव का आयोजन इंदिरा गांधी कृषि विश्वविद्यालय द्वारा भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान भिलाई, राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान रायपुर, भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान नवा रायपुर, छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद, छत्तीसगढ़ बायोटेक प्रमोशन सोसायटी और नाबार्ड के सहयोग से किया जा रहा है।
आयोजन का उद्देश्य युवाओं के नए विचारों, अनुसंधान और तकनीकी नवाचारों को व्यावसायिक अवसरों में बदलने के लिए साझा मंच उपलब्ध कराना है। इसके जरिए राज्य में मजबूत और आत्मनिर्भर स्टार्टअप इकोसिस्टम विकसित करने पर भी जोर रहेगा।
कृषि से एआई और फिनटेक तक नवाचार पर फोकस
कॉन्क्लेव में कृषि एवं एग्रीटेक, खाद्य प्रसंस्करण एवं मूल्य संवर्धन, जैव प्रौद्योगिकी, ग्रामीण उद्यमिता, डिजिटल तकनीक, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सीप-टेक, नवीकरणीय ऊर्जा, पर्यावरण एवं जलवायु स्मार्ट तकनीक, फिनटेक सहित उभरते क्षेत्रों में नवाचार और उद्यमिता को बढ़ावा दिया जाएगा।
कार्यक्रम में चार तकनीकी सत्र होंगे। इसके अलावा विशेषज्ञ व्याख्यान, स्टार्टअप प्रदर्शनी, स्टार्टअप पिचिंग, निवेशक-स्टार्टअप संवाद, नीति संवाद, मेंटरशिप और इनक्यूबेशन सत्र आयोजित किए जाएंगे।
शीर्ष तीन स्टार्टअप्स को मिलेगा पुरस्कार
कॉन्क्लेव में युवा नेतृत्व वाले उद्यमों और संस्थागत नवाचारों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। उत्कृष्ट स्टार्टअप्स में से शीर्ष तीन को पुरस्कृत किया जाएगा। प्रथम पुरस्कार के रूप में 1 लाख रुपए, द्वितीय को 75 हजार रुपए और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले स्टार्टअप को 50 हजार रुपए दिए जाएंगे।
बायोटेक स्टार्टअप्स को मिलेगा नया आधार
सुभाष चंद्र बोस बायोटेक्नोलॉजी इन्क्यूबेशन सेंटर प्रदेश में बायोटेक्नोलॉजी आधारित अनुसंधान, नवाचार, प्रौद्योगिकी हस्तांतरण, स्टार्टअप विकास और उद्यमिता को बढ़ावा देने के लिए संस्थागत आधार के रूप में काम करेगा। यहां शोधार्थियों और नवाचारकर्ताओं को प्रोटोटाइप विकास, तकनीकी मार्गदर्शन, इनक्यूबेशन, मेंटरशिप तथा उद्योग और निवेशकों से जुड़ने के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम किया जाएगा।
कॉन्क्लेव का एक प्रमुख उद्देश्य छत्तीसगढ़ की नवाचार एवं स्टार्टअप संवर्धन नीति 2025-30 के क्रियान्वयन को गति देना भी है। स्थानीय जरूरतों और समस्याओं के तकनीकी एवं व्यावसायिक समाधान विकसित करने के साथ राज्य के स्टार्टअप्स को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए मंच उपलब्ध कराया जाएगा।
25 सितंबर तक पंजीयन
कॉन्क्लेव में शामिल होने के इच्छुक युवा छात्र और प्रतिभागी 25 सितंबर 2026 तक पंजीयन करा सकते हैं। युवा छात्रों के लिए पंजीयन लिंक और युवा नेतृत्व वाले स्टार्टअप्स के लिए पंजीयन लिंक उपलब्ध है।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments