शासकीय जमीन से अतिक्रमण हटाया, मृत पशुओं की मौत की जांच के लिए तीन डॉक्टरों की टीम गठित रायपुर, 25 अगस्त 2026। बेमेतरा जिले की दाढ़ी तहसील...
शासकीय जमीन से अतिक्रमण हटाया, मृत पशुओं की मौत की जांच के लिए तीन डॉक्टरों की टीम गठित
रायपुर, 25 अगस्त 2026। बेमेतरा जिले की दाढ़ी तहसील के ग्राम हेमाबंद में आवारा और घुमंतू पशुओं को कथित रूप से अनधिकृत तरीके से बंधक बनाकर रखने के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। शिकायत मिलने के बाद पशु चिकित्सक को मौके पर भेजकर जांच कराई गई। प्रथमदृष्टया शिकायत सही पाए जाने पर पुलिस ने आरोपी दिलीप राय और उसके पुत्र संजय राय को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया है। वहीं, आरोपी के कब्जे वाली शासकीय भूमि से अतिक्रमण भी हटा दिया गया है।
पुलिस के अनुसार हेमाबंद निवासी दिलीप राय (55) और संजय राय (35) के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 325, 299, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11(1)(क), 11(1)(ज) तथा छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6 एवं 10 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
126 पशुओं को गौशालाओं में भेजा
कार्रवाई के दौरान मौके पर 126 पशु मिले। सभी पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण कराने के बाद उन्हें वहां से हटाकर जिले की अलग-अलग गौशालाओं में सुरक्षित पहुंचाया गया। पशुओं के स्वास्थ्य और उपचार की निगरानी के लिए संबंधित गौशालाओं में विशेषज्ञ पशु चिकित्सकों की टीम को जिम्मेदारी दी गई है।
शासकीय जमीन से हटाया अतिक्रमण
प्रशासन ने आरोपी के खिलाफ कार्रवाई को केवल पुलिस प्रकरण तक सीमित नहीं रखा। आरोपी द्वारा कब्जा की गई शासकीय भूमि से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई 25 अगस्त को पूरी कर ली गई। इसके अलावा आरोपी द्वारा उपयोग किए गए जब्त ट्रैक्टर के संबंध में राजसात की कार्रवाई भी पुलिस ने शुरू कर दी है।
मृत पशुओं की मौत का कारण तलाशेगी टीम
जांच के दौरान गांव की सरहद में कुछ मृत पशु भी मिले। इनकी मौत किन परिस्थितियों में और किस कारण से हुई, इसका पता लगाने के लिए तीन पशु चिकित्सकों की टीम गठित की गई है। टीम आवश्यक चिकित्सकीय परीक्षण और जांच कर रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
पंचायत सचिव पर भी गिरी गाज
मामले में पंचायत स्तर पर लापरवाही को भी प्रशासन ने गंभीरता से लिया है। ग्राम पंचायत हेमाबंद के सचिव श्री प्रकाश कोशले को अपने दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही बरतने के आरोप में तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
प्रशासन ने कहा- लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी
जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि पशुओं के प्रति क्रूरता, शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे और सरकारी दायित्वों के निर्वहन में लापरवाही के मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। हेमाबंद मामले में प्रशासन ने पुलिस कार्रवाई के साथ पशुओं को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने, अतिक्रमण हटाने और जिम्मेदार कर्मचारियों पर कार्रवाई की है। प्रशासन का कहना है कि ऐसे मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

" alt="" />" alt="" />
" alt="" />" alt="" />
No comments